- शहर में 27 वार्डो में पेयजल आपूर्ति की नहीं है व्यवस्था

- अमृत योजना के तहत नि:शुल्क किए जा रहे हैं कनैक्शन

आगरा। शहर में जिनके पास पहले से पानी के कनैक्शन हैं, उन्हें अलग से गंगाजल का कनैक्शन लेने की जरूरत नहीं है। जो पहले कनैक्शन हैं, उसी कनैक्शन से गंगाजल मुहैया कराया जाएगा। वहीं दूसरी ओर अमृत योजना के तहत शहर में नि:शुल्क कनैक्शन किए जा रहे हैं। जलकल के अधिकारियों का कहना है कि लोगों को गुमराह किया जा रहा है कि गंगाजल के लिए कनैक्शन लेना पड़ेगा।

27 वार्डो में नहीं है पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था

27 वार्डो में पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में गंगाजल का वितरण कैसे संभव हो पाएगा। शहर में गंगाजल तो आ चुका है, लेकिन वितरण को लेकर जलकल और जल निगम में सहमति नहीं बन पा रही है। पिछले दिनों हुई मीटिंग में ये सामने आया कि 18 वार्डो में ही समुचित पानी की व्यवस्था है। 55 वार्ड ऐसे हैं, जिनमें कहीं-कहीं पर पाइपलाइन है, तो कहीं है ही नहीं। इसमें एक अरब 40 करोड़ का प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है।

तीन चरणों में होगा वितरण

गंगाजल का वितरण तीन चरणों में किया जाएगा।

पहले चरण में घटवासन, ट्रांसयमुना, छत्ता जोन, हरीपर्वत, माईथान, और कोतवाली क्षेत्र में किया जाएगा। इसमें 82748 आवासों में 10 हजार कनैक्शन किए जाएंगे। वहीं दूसरे चरण में स्वामी बाग, दयालबाग, खंदारी, सिकंदरा, वार्ड 20, फ्रीगंज, घटिया आजम खां, बेलनगंज, नूरी दरवाजा, अलबतिया, प्रकाश नगर यमुना पार आदि क्षेत्रों में आपूर्ति की जाएगी। इसमें आवासों की संख्या 27522 में से 9551 कनैक्शन किए जाएंगे। तीसरे चरण में सिकंदरा, बोदला, शाहगंज, रामबाग, बुन्दू कटरा में आपूर्ति की जाएगी। यहां 1,57 679 आवासों में 7714 कनैक्शन किए जाएंगे।

27 हजार किए जाने हैं कनैक्शन

शहर में 27 हजार 265 कनैक्शन शहर में लगाए जाने है। अभी गंगाजल पेयजल के लिए कनैक्शन किए जा रहे है। कनैक्शन किए जाने का काम एक वर्ष से चल रहा है। इसमें 15 हजार से ज्यादा कनैक्शन किए जा चुके हैं। इस बारे में जलकल के महाप्रबंधक आरएस यादव ने बताया कि जिनके पास पहले से कनैक्शन हैं, उन्हें दुबारा कनैक्शन नहीं लेना है। अमृत योजना अलग प्रोजेक्ट हैं।

फैक्ट फाइल गंगाजल प्रोजेक्ट

- 13 वर्ष बाद आगरा को मिला गंगाजल

- 130 किमी। पाइपलाइन डालकर 150 क्यूसेक गंगाजल लाया जाएगा।

- 03 चरणों में शहर में होगी गंगाजल की आपूर्ति

- 2.16 लाख कनैक्शन धारकों को मुहैया कराया जाना है पेयजल

- 27 हजार 265 कनैक्शन पहले चरण में किए जाने हैं।

- 03 चरणों में किए जाने हैं कनैक्शन

- अभी आधा ही कार्य हो सका है।

- 400 एमएलडी शहर की जरुरत है

- 60 एमएलडी पानी मिलेगा पहले चरण में

- 150 एमएलडी गंगाजल लाया जा रहा है।