RANCHI : राजधानी में पार्किग को लेकर आए दिन किचकिच होती रहती है। इससे निपटने के लिए रांची नगर निगम ने पार्किग प्लान भी तैयार किया है। ऐसे में पूरी राजधानी में पार्किग का एक रेट लागू करने में समय लगेगा। इसका फायदा उठाकर मोरहाबादी में पार्किग के लिए मनमाना चार्ज वसूला जा रहा है। इतना ही नहीं, आक्सीजन पार्क के बाहर 100 मीटर में ही पार्किग के लिए अलग-अलग रेट भी तय है। इससे गाड़ी पार्क करने वालों की जेब कट रही है। इसके बावजूद न तो टेंडर लेने वाले संचालक को मतलब है और न ही नगर निगम के अधिकारियों को।

रसीद में नहीं लिखा है चार्ज

सिटी में अलग-अलग पार्किग के लिए नगर निगम टेंडर करता है। ऐसे में मोरहाबादी आक्सीजन पार्क के बाहर पार्किग का टेंडर पार्षद एहतेशाम ने लिया है। उन्होंने पार्किग चार्ज वसूलने के लिए स्टाफ्स को लगा रखा है। लेकिन स्टाफ्स की मनमानी का खामियाजा पब्लिक भुगत रही है। वहीं पार्किग की रसीद पर भी कोई चार्ज नहीं लिखा है। ऐसे में जिसे जितनी मर्जी उतना चार्ज वसूल रहा है।

5 से 40 रुपए तक वसूली

आक्सीजन पार्क के बाहर टू व्हीलर और फोर व्हीलर के लिए पार्किग बनाई गई है। लेकिन पार्किग में चार तरह के बोर्ड लगे हैं, जिसमें गाडि़यों की पार्किग के लिए रेट भी अलग है। ऐसे में लोगों से बाइक और कार के लिए 5 रुपए से लेकर 40 रुपए तक वसूले जा रहे हैं। वहीं पूछने पर उन्हें रेट चार्ट दिखा दिया जाता है। इसके बाद पब्लिक के पास भी कोई जवाब नहीं होता और वे पैसे देकर निकल जाते हैं।

वर्जन

नगर निगम ने हमें जो चार्ज वसूलने को कहा है हम उससे कम चार्ज ले रहे हैं। इसके बाद भी अगर स्टाफ्स कोई गड़बड़ी कर रहे हैं तो मामले को तत्काल देखा जाएगा। पब्लिक को किसी भी हाल में ज्यादा पैसे चुकाने की जरूरत नहीं है।

एहतेशाम, पार्षद, वार्ड-21 सह संचालक आक्सीजन पार्क पार्किग