- पुलिस ने महिला लाइब्रेरियन के कोर्ट में दर्ज कराए बयान, मामले की जांच शुरू

DEHRADUN: एक स्कूल की महिला लाइब्रेरियन ने प्रधानाचार्य और लिपिक पर यौन उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद पीडि़ता के कोर्ट में बयान दर्ज कराए।

छेड़छाड़ का लगाया आरोप
शहर के एक स्कूल में 14 अप्रैल 2017 को एक महिला लाइब्रेरियन की तैनाती हुई थी। महिला लाइब्रेरियन शहर की सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित एक गांव में किराये पर रहती हैं। आरोप है कि जब से महिला कर्मचारी नौकरी पर आई तभी से स्कूल के प्रधानाचार्य और एक लिपिक उनके साथ छेड़छाड़ करते आ रहे हैं। कई बार महिला कर्मचारी ने प्रधानाचार्य समेत दोनों का विरोध भी किया, लेकिन वे अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। इस पर स्कूल की महिला कर्मचारी ने सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस को मामले की तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में सिविल लाइंस कोतवाली ने महिला कर्मचारी की शिकायत पर स्कूल के प्रधानाचार्य और लिपिक पर यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने लिया महिला का बयान
इस मामले में शुक्रवार को सिविललाइंस कोतवाली पुलिस ने पीडि़त महिला कर्मचारी को कोतवाली बुलाया। पुलिस ने महिला कर्मचारी के कोर्ट में बयान दर्ज कराए हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कोर्ट में दिए गए बयान में महिला कर्मचारी ने दोनों आरोपितों पर गंभीर आरोप लगाए है। जिससे दोनों कर्मचारियों की गिरफ्तारी अब तय मानी जा रही है। सीओ रुड़की चंदन सिंह बिष्ट ने कहा कि स्कूल के प्रधानाचार्य और लिपिक के खिलाफ पुलिस ने छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया है। इस मामले में पीडि़ता के बयान दर्ज कराए गए है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।