फूलपुर में एएसपी के नेतृत्व में अपराधी को पकड़ने के लिए गयी थी पुलिस टीम

एक बदमाश खेतों के रास्ते भागा, देर रात तक चलती रही कांबिंग

टारगेट तय करके गयी पुलिस टीम का अनजाने टास्क से सामना हो गया। दोनों पक्षों की ओर से फायरिंग हुई। इसमें एक बदमाश और एक इंस्पेक्टर रैंक के अफसर को गोली लगी है। गोली से घायल बदमाश की हालत गंभीर बतायी गयी है। उसे एसआरएन रिफर कर दिया गया है। इंस्पेक्टर को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। बाइक पर सवार एक अन्य बदमाश खेतों के रास्ते भागा तो पुलिस ने उसका पीछा कर लिया। समाचार लिखे जाने के समय तक उसे पकड़ा नहीं जा सका था और कांबिंग जारी थी।

रात 11 बजे हुई घटना

घायल इंस्पेक्टर का नाम संजय राय बताया गया है। उन्हें कंधे पर एक गोली लगी है। घायल बदमाश की हालत गंभीर बतायी गयी है। उसे दो गोलियां लगी है। समाचार लिखे जाने के समय तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। घटना रात 11 बजे के करीब फूलपुर थाना क्षेत्र के इफ्को पुलिस चौकी एरिया में हुई। एक्चुअली पुलिस टीम ट्रेनी आईपीएस सुकीर्ती माधव के नेतृत्व में फूलपुर में एक बदमाश को दबोचने की नीयत से पूरी तैयारी के साथ पहुंची थी।

बाइक रोकने पर झोंक दिया फायर

सूत्रों का कहना है कि स्पॉट पर कुल करीब 12 राउंड फायरिंग हुई है। एएसपी ने क्राइम ब्रांच की टीम के साथ फूलपुर थाने की पुलिस को भी छापेमारी ड्राइव को अंजाम तक पहुंचाने के लिए इनवाल्व किया था। टारगेट की तरफ बढ़ने से पहले पुलिस टीम ने वाहनों को चेक करना शुरू कर दिया। इसी दौरान पुलिस ने एक बाइक पर सवार दो लोगों को चेकिंग के लिए रोका तो अप्रत्याशित रिजल्ट सामने आया। बाइक पर सवार एक व्यक्ति ने पुलिस पर फायर झोंक दिया और भागने की कोशिश की। इस पर पुलिस टीम पैदल ही उसकी तरफ दौड़ी तो एक गोली फूलपुर इंस्पेक्टर के कंधे पर आ लगी। इसके बाद पुलिस टीम ने भी फायर करना शुरू कर दिया। दो गोली खाकर एक बदमाश तो मौके पर ही गिर गया लेकिन दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर खेत की तरफ भाग निकला।

एसएसपी भी पहुंचे मौके पर

सूचना मिलते ही रात साढ़े 11 बजे के करीब एसएसपी नितिन तिवारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गये। घायल इंस्पेक्टर के साथ बदमाश को फूलपुर सरकारी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टर्स ने घायल बदमाश की नाजुक हालत को देखते हुए उसे एसआरएन के लिए रिफर कर दिया। इंस्पेक्टर का इलाज इसी अस्पताल में चल रहा है। उधर, भागे बदमाश की तलाश में पुलिस ने घेराबंदी कर दी। समाचार लिखे जाने के समय रात पौने 12 बजे तक वह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा था।

घायल बदमाश की शिनाख्त नहीं हुई है। भागे बदमाश को पकड़ने के लिए पूरे जिले में एलर्ट घोषित कर दिया गया है। कांबिंग करायी जा रही है। एक बिना नंबर की बाइक और तमंचा स्पॉट पर मिला है।

नितिन तिवारी

एसएसपी