कानपुर। भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज विराट सेना ने 2-1 से अपने नाम की। भारत की इस जीत के हीरो एमएस धोनी रहे। पूर्व भारतीय कप्तान धोनी ने सीरीज में लगातार तीन अर्धशतक लगाए। माही की इस मैच विनिंग पारी के बाद हर कोई उनकी प्रशंसा करने में लगा है। सिर्फ भारतीय ही नहीं पूर्व ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी भी माही के फैन हो गए। ऑस्ट्रेलिया के बेहतरीन क्रिकेटरों में शुमार रहे माइकल क्लाॅर्क ने तो धोनी की तारीफों के पुल बांध दिए। यही नहीं क्लाॅर्क ने धोनी की तुलना लैम्बोर्गिनी और एस्टन मार्टिन जैसी कारों से कर दी।

धोनी ने बदल लिया अपना गेम
मैच के बाद क्लाॅर्क ने अफिशल ब्राॅडकास्टर को दिए इंटरव्यू में कहा, 'धोनी अब लैम्बोर्गिनी से एस्टन मार्टिन तक पहुंच गए हैं। ये अविश्वसनीय है। यह काफी अच्छा बदलाव है। वह (धोनी) अब अनुभवी खिलाड़ी बन गए हैं। उन्हें पता है कि उनका खेल अच्छा है। अब तो वह अपने पार्टनर पर भी पूरा भरोसा रखते हैं।' बता दें क्लाॅर्क ने यह बात इसलिए कही कि धोनी ने पिछले कुछ समय से अपने खेल में बड़ा बदलाव किया है। जब वह आए थे तो लैम्बोर्गिनी जैसी तेज रफ्तार में रन बनाते थे मगर अब वह एस्टन मार्टिन की तरह काफी एक्सपीरियंस हो चुके हैं।
महेंद्र सिंह धोनी को माइकल क्‍लार्क ने बताया लैम्बोर्गिनी और एस्‍टन मार्टिन जैसा
मैदान पर अनुभव का उठाते हैं फायदा
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने आगे कहा, 'करियर के शुरुआती दिनों में धोनी को अपने साथी बल्लेबाज की ज्यादा जरूरत नहीं पड़ती थी। चाहे वह जीरो पर आउट हो या शतक बनाए। उस वक्त अगर 20 गेंदों में 50 रन चाहिए होते थे, तो साथी बल्लेबाज का काम धोनी को स्ट्राईक देना होता था। मगर अब स्थिति बदल चुकी है। धोनी अब अपने साथ बल्लेबाजी कर रहे बल्लेबाज को भी खेलने का पूरा मौका देते हैं। उसे कैसे गेंद सीमा रेखा के पार पहुंचानी है, इसका गाइडेंस धोनी ही करते हैं। ऐसा ही कुछ माही ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी दो मैचों में किया।'

ऑस्ट्रेलियाई कोच जस्टिन लैंगर ने भी की तारीफ

माइकल क्लाॅर्क के अलावा ऑस्ट्रेलियाई कोच जस्टिन लैंगर ने भी धोनी की खूब तारीफ की। 37 साल की उम्र में धोनी की फिटनेस देखकर लैंगर काफी हैरान हैं। उनका कहना है माही के खिलाफ खेलना किसी अनुभव से कम नहीं। यही नहीं लैंगर ने आगे यह भी कहा, 'धोनी 37 साल के हो चुके हैं। इसके बावजूद वह विकेटों के बीच काफी तेज दौड़ लगाते हैं। ऐसा उन्होंने लगातार तीन मैचों में कर दिखाया, जबकि ऑस्ट्रेलिया में इस समय तापमान 40 डिग्री के आसपास है। वह एक बड़े सुपरस्टार हैं।'

एमएस धोनी का नए साल में नया धमाका

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने साल 2019 की काफी धमाकेदार शुरुआत की है। ऑस्ट्रेलिया में भारत की पहली वनडे सीरीज जीत के वह बड़े नायक रहे। आपको जानकर हैरानी होगी कि धोनी ने इस सीरीज में विराट कोहली से ज्यादा रन बनाए हैं। उनके बल्ले से तीन अर्धशतक सहित कुल 193 रन निकले। जबकि कोहली एक शतक सहित सिर्फ 153 रन बना पाए। यही नहीं इस सीरीज में माही भारत की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बने। धोनी ने भारत को पहले एडीलेड और फिर मेलबर्न में जीत दिलाई।

 



कोहली ने धोनी को लेकर वो कह दिया, जो पहले कभी नहीं सुना


मैच के बाद धोनी बोले, 'गेंद ले लो नहीं तो लोग कहेंगे कि रिटायरमेंट ले रहा'

 

Cricket News inextlive from Cricket News Desk