- वायुसेना और थलसेना के बीच तालमेल पर आर्मी चीफ जनरल बिपिन रावत ने किया मंथन

LUCKNOW ::

भारतीय सेना जल्द अपनी सैन्य क्षमता का विस्तार करेगी। इसके तहत यूनिटों की संख्या में भी इजाफा किया जा सकता है। खास बात यह है कि इसकी जिम्मेदारी मध्य कमान निभाएगा। इस बारे में आर्मी चीफ जनरल विपिन रावत से मध्य कमान मुख्यालय ने एक रिपोर्ट साझा की है। आपात स्थिति में भारतीय थल सेना और वायुसेना की संयुक्त ऑपरेशनल तैयारियों का जायजा लेने के लिये जनरल रावत शनिवार को राजधानी पहुंचे। उन्होंने करीब साढ़े चार घंटे तक मध्य कमान मुख्यालय में एक संयुक्त रिपोर्ट की समीक्षा की। दोपहर बाद जनरल रावत वापस दिल्ली लौट गए।

सैन्य अधिकारियों का किया आह्वान

जनरल रावत सुबह नौ बजे विशेष हेलीकॉप्टर से आर्मी परेड ग्राउंड आए थे, जहां से वाहनों का काफिला मध्य कमान मुख्यालय पहुंचा। यहां मध्य कमान सेनाध्यक्ष ले। जनरल बीएस नेगी ने उनको सेना की ऑपरेशनल तैयारियों की जानकारी दी। वहीं, दूसरी ओर मध्य वायु कमान के एयर कमांडिंग इन चीफ एयर मार्शल एसबीपी सिन्हा ने वायुसेना की तैयारियों पर बनी एक रिपोर्ट सेनाध्यक्ष से साझा की। ले। जनरल नेगी ने मध्य कमान में सैन्य यूनिटों के विस्तार, सैनिकों की संख्या बढ़ाने और सैन्य सुविधाओं के विकास की जानकारी भी दी। आर्मी चीफ ने थलसेना और वायुसेना के बीच संयुक्त ऑपरेशनल तैयारियों में बेहतर तालमेल के लिए दोनों ही कमान की प्रशंसा भी की। इससे पहले उन्होंने मध्य कमान के सभी अधिकारियों के साथ मुलाकात की। उन्होंने सैन्य अधिकारियों को भावी चुनौतियों से निपटने के लिए तैयार रहने का आह्वान भी किया। इस मौके पर मध्य कमान के स्टाफ अध्यक्ष ले। जनरल जेके शर्मा समेत कई अधिकारी मौजूद थे।