RANCHI: रांची के प्रभात तारा मैदान में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि योग के माध्यम से भारत पूरे विश्व को स्वस्थ रहने का संदेश दे रहा है। उन्होंने समस्त झारखंडवासियों को योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य को 'हेल्दी' बनाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मनुष्य केवल एक शरीर नहीं है अपितु यह मन और आत्मा का संसार है। योग केवल शरीर के साथ मन की शान्ति और आत्मा को पूर्ण विस्तार भी देता है। यह खुशी प्राप्त करने का भी सच्चा माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग को पूरी दुनिया में आधिकारिक मान्यता दिलायी है, जिससे आज योग का सम्पूर्ण विश्व में विस्तार हो गया है।

सेहत के खजाने की गोल्डेन चाबी

इस अवसर पर अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि योग सेहत के खजाने की गोल्डेन चाबी है। प्रधानमंत्री की पहल पर आज हर भारतवासी गौरवान्वित है कि उसकी सदियों पुरानी उपलब्धि को पूरा विश्व न केवल मान रहा है, बल्कि उसका अनुसरण कर रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास स्वयं योग के पथ प्रदर्शक हैं और हम सब के लिए प्रेरणा के स्त्रोत भी हैं।

योग से हो रहा राष्ट्र निर्माण

इस अवसर पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री श्री रामचन्द्र चंद्रवंशी ने कहा कि योग के माध्यम से राष्ट्र निर्माण हो रहा है और जीवन में सदाचार को बढ़ावा मिल रहा है। ध्यान और समाधि के महत्व को दुनिया समझ रही है। स्वास्थ्य विभाग की प्रधान सचिव निधि खरे ने इस मुख्य समारोह में सबका स्वागत करते हुए योग को प्रति दिन के जीवन का अंग बनाने की अपील की।

मौजूद था पूरा सरकारी अमला

धुर्वा के प्रभात तारा मैदान में नगर विकास मंत्री पी सिंह, स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी, रांची के सांसद राम टहल चौधरी, हटिया के विधायक नवीन जयसवाल, कांके विधायक जीतू चरण राम, अल्पसंख्यक कल्याण आयोग के अध्यक्ष कमाल खां, झारखंड राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष संजय सेठ, रांची की मेयर आशा लकड़ा, राज्य के मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी, पुलिस महानिदेशक डीके पांडेय, राज्य सरकार के आला अधिकारियों एवं कर्मचारियों, पुलिस तथा अर्धसैनिक बलों के जवान, सरकारी तथा निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों, विभिन्न संस्थाओं के स्वयंसेवकों, योग प्रशिक्षकों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया।