नई दिल्ली (जेएनएन)। IPL 2019 का 37वां मैच दिल्ली कैपिटल्स और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच खेला गया। इस मुकाबले को मेजबान दिल्ली कैपिटल्स ने 5 विकेट से जीत लिया। दिल्ली कैपिटल्स की ओर से सलामी बल्लेबाज शिखर धवन और कप्तान श्रेयस अय्यर ने शानदार अर्धशतकीय पारियां खेलकर टीम को जीत दिलाई। इसी के साथ दिल्ली कैपिटल्स ने किंग्स इलेवन पंजाब से अपना बदला भी पूरा कर लिया है। क्योंकि, इसी सीजन में पंजाब ने दिल्ली को अपने घर में हराया था।

ipl 2019 : दिल्ली कैपिटल्स ने किंग्स इलेवन पंजाब को पांच विकेट से हराया,शिखर धवन और श्रेयस अय्यर ने दिखाया कमाल

12 अंकों के साथ दिल्ली आइपीएल की अंकतालिका में तीसरे पायदान पर

दिल्ली कैपिटल्स ने इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी। वहीं, पहले बल्लेबाजी करते हुए किंग्स इलेवन पंजाब की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट खोकर 163 रन बनाए। उधर, दिल्ली कैपिटल्स ने 164 रन का ये लक्ष्य 5 विकेट और 2 गेंद रहते हासिल कर लिया। दिल्ली की ओर से कप्तान श्रेयस अय्यर ने नाबाद 58 रन की पारी खेली। अय्यर ने 20वें ओवर की चौथी गेंद पर चौका लगाकर टीम को जिताया। इसी जीत के साथ दिल्ली ने इस सीजन में अपने 10 मुकाबले में से 6 मुकाबले जीत लिए हैं। 12 अंकों के साथ दिल्ली आइपीएल 2019 की अंकतालिका में तीसरे पायदान पर है।

पहला विकेट 13 रन पर ही गिरा

इस मैच में पंजाब की शुरुआत दिल्ली के खिलाफ अच्छी नहीं रही। पंजाब का पहला विकेट 13 रन पर ही गिर गया। दिल्ली के स्पिनर संदीप लमिचाने ने पंजाब के ओपनर बल्लेबाज लोकेश राहुल को 12 रन पर चलता किया। संदीप की गेंद पर राहुल को रिषभ पंत ने स्टंप आउट कर दिया। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए मयंक अग्रवाल भी सस्ते में आउट हो गए। वो रबादा की गेंद पर जेम्स रदरफोर्ड के हाथों कैच आउट हुए। मयंक ने सिर्फ दो रन बनाए। पंजाब का तीसरा विकेट डेविड मिलर के तौर पर गिरा। वो अक्षर पटेल की गेंद पर पृथ्वी शॉ के हाथों कैच आउट हुए। मिलर ने 5 गेंदों पर 7 रन बनाए। क्रिस गेल ने 69 रन की पारी खेली और उन्हें लमिचाने ने आउट किया। सैम कुर्रन को भी लमिचाने ने अपनी ही गेंद पर कैच आउट कर दिया। सैम अपना खाता भी नहीं खोल पाए। पंजाब के कप्तान आर अश्विन तेज गेंदबाज कगिसो रबादा के शिकार हुए। हरप्रीत बरार 20 जबकि विल्जोन दो रन बनाकर नाबाद रहे। दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से संदीप लमिचाने ने तीन, कगिसो रबादा और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट लिए।

रन आउट हो गए पृथ्वी शॉ

दिल्ली को अच्ची शुरुआत दिलाने की कोशिश करने के चक्कर में पृथ्वी शॉ रन आउट हो गए हैं। पृथ्वी शॉ को मंदीप सिंह ने रन आउट किया। दिल्ली की ओर से सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने आइपीएल के 12वें सीजन में तीसरी फिफ्टी(56 रन) जड़ी। धवन का विकेट हरदुस विल्जोन को मिला। दिल्ली की पारी का तीसरा विकेट रिषभ पंत के रूप में गिरा। रिषभ पंत 6 रन बनाकर विल्जोन का शिकार बने। इनके अलावा कप्तान श्रेयस अय्यर ने 58 रन और कोलिन इंग्राम ने 19 रन बनाए। पंजाब की ओर से हरदुस विल्जोन को दो विकेट और मोहम्मद शमी को एक विकेट मिला।

ipl 2019 : दिल्ली कैपिटल्स ने किंग्स इलेवन पंजाब को पांच विकेट से हराया,शिखर धवन और श्रेयस अय्यर ने दिखाया कमाल