RANCHI : अब पोस्ट ऑफिस में भी बैंकों जैसी सर्विस पाइए। जी हां, रांची समेत पूरे झारखंड में एक सितंबर से इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक(आइपीपीबी) सेवा शुरू हो रही है। रांची में इस सेवा की शुरुआत होटल बीएनआर में दोपहर 2.30 बजे राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू करेंगी। झारखंड में कुल 110 जगहों पर यह सुविधा ग्राहकों को मिलेगी। पहले चरण में जामताड़ा और खरसावां को छोड़ कर बाकी 22 जिलों में शाखा खोली जा रही है। जबकि 88 एक्सेस प्वाइंट खोले जाएंगे। यह जानकारी शुक्रवार को चीफ पोस्टमास्टर जेनरल, डाक विभाग झारखंड की शशि शालिनी कुजूर ने दी।

रांची में चार जगह होगी शुरू

राजधानी रांची जीपीओ समेत कांके उप डाकघर और शाखा डाकघरों में बोड़ेया, सुकुरहुटू व कुम्हरिया में आइपीपीबी की शाखा खुलेगी। 31 दिसंबर तक पूरे झारखंड में इसकी सुविधा मिलने लगेगी। 13 प्रधान डाकघर, 450 उप डाकघर और 2687 शाखा डाकघरों में यह सुविधा दी जाएगी।

किसी बैंक में ट्रांसफर कीजिए पैसे

इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक से पोस्टल सेविंग बैंक अकाउंट को लिंक किया जाएगा। इसके माध्यम से किसी भी बैंक खाते में मनी ट्रांसफ र किया जा सकेगा। ग्राहक अपने बैंक खाते से किसी भी बैंक में आरटीजीएस, एनइएफ टी, आइएमपीएस कर सकते हैं। बचत और चालू खाता खोला जा सकेगा, बचत खाता पर चार प्रतिशत ब्याज मिलेगा। पेमेंट बैंक में एक लाख रुपए से अधिक जमा स्वीकार नहीं किया जाएगा।

ऐसे खुलेगा अकाउंट

शहरी व ग्रामीण इलाकों के डाकिया घर-घर जाकर बैंकिंग सेवाएं मुहैया कराएंगे। ग्राहकों के पास आधार कार्ड का नंबर होना चाहिए, थंब इंप्रेशन के माध्यम से खाता खुलेगा, अकाउंट खोलने की प्रक्रिया पूरी तरह पेपरलेस होगी।