छ्वन्रूस्॥श्वष्ठक्कक्त्र: जमशेदपुर ब्वॉयज क्लब ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए जमशेदपुर स्पोर्टिग एसोसिएशन के तत्वावधान में गोपाल मैदान में खेले गए सुपर डिवीजन फुटबॉल लीग के एक मुकाबले में क्लासिक एट, लक्ष्मीनगर को 1-0 से पराजित कर दिया। शुरुआत से ही दोनों ही टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। कभी क्लासिक एट की टीम आगे बढ़ती तो दूसरे ही क्षण जमशेदपुर ब्वॉयज क्लब के रणबांकुरे सामूहिक हमला बोलती। मध्यांतर तक आक्रमण-प्रतिआक्रमण का दौर चलता रहा, लेकिन दोनों में से किसी भी टीम को सफलता नहीं मिली। मध्यांतर के बाद जमशेदपुर ब्वायज क्लब को उस समय सफलता मिली, जब साथी खिलाड़ी द्वारा दिए गए पास को 61वें मिनट में बिनोद मुर्मू ने गोल में तब्दील कर दिया। गोल खाकर बौखलाई क्लासिक एट की सेना ने जवाबी हमला किया, लेकिन उसे अंत तक सफलता नहीं मिली। रफ प्ले के लिए रेफरी ने क्लासिक एट के राजेश मार्डी व बिरजू बास्के को पीला कार्ड दिखाया। मैच के रेफरी अमृत डांग, मुनीराम माझी, नकुल सिंह व मतला सोरेन थे।

मार्शल क्लब के आगे आरएफसी फेल

उधर, आर्मरी ग्राउंड में खेले गए ए डिवीजन लीग के एक मुकाबले में मार्शल क्लब ने आरएफसी को 1-0 से पराजित कर दिया। मार्शल क्लब की ओर से खेल के 11वें मिनट में सुरू टुडू ने निर्णायक गोल किया। गोल खाकर घबराई आरएफसी ने जवाबी हमला किया, लेकिन उसे अंत तक सफलता नहीं मिली। रफ प्ले के लिए रेफरी ने आरएफसी के गुड्डू हेंब्रम व मार्शल क्लब के सुरू टुडू व बबलू सोरेन को पीला कार्ड दिखाया।