i shocking

गोविंदपुर सिंचाई विभाग कॉलोनी के पास रात में हुई घटना

बाइक से आए से दो बदमाश, गोली मारकर भाग निकले, आन द स्पॉट हुई मौत

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: मुख्यमंत्री के आगमन से सिर्फ 14 घंटे पहले बाइक सवार बदमाशों ने शिवकुटी में रिटायर्ड फौजी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश भाग निकले। अंदेशा जताया जा रहा है कि बदमाशा फौजी की लाइसेंसी रिवाल्वर भी लूट ले गये हैं। लेकिन, समाचार लिखे जाने के समय तक इसे क्लीयर करने वाला कोई नहीं था। जेब से मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान हुई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बदमाशों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने चेकिंग का जाल फैलाया लेकिन देर रात तक कामयाबी नहीं मिली थी। घटना से इलाके में सनसनी फैल गयी और धड़ाधड़ दुकानें बंद हो गयीं। घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस को परिवार के सदस्यों के इलाहाबाद पहुंचने का इंतजार है।

इलाहाबाद यूनिवर्सिटी में था गार्ड

मृतक का नाम सर्वेश कुमार सिंह उर्फ फौजी बताया गया है। उम्र करीब 47 वर्ष के आसपास थी। मूल रूप से जौनपुर का रहने वाला था। शिवकुटी में स्थित सिंचाई विभाग की कॉलोनी के ईडब्लूएस फ्लैट में रहता था। सेना से करीब डेढ़ साल पहले रिटायर होकर आया था। फौजी होने के आधार पर उसे गार्ड की जॉब मिल गयी थी। वर्तमान समय में उसकी तैनात इलाहाबाद यूनिवर्सिटी प्रिमाइस में प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर थी।

जौनपुर का है मूल निवासी

सर्वेश मूलरूप से जौनपुर के जलालपुर का रहने वाला था। घटना शुक्रवार की रात करीब आठ बजे हुई। घटना के समय दुकानें खुली हुई थीं। सर्वेश ट्रैक शूट पहने पैदल ही घर की तरफ जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक से पहुंचे दो बदमाशों ने उसे रोक लिया। इसके बाद दोनो के बीच क्या हुआ किसी को कुछ समझ में नहीं आया। अचानक ताबड़तोड़ गोलियां चलने लगीं तो सबका ध्यान उधर गया। बताया जाता है कि करीब पांच राउंड फायरिंग की गयी। इससे दहशत फैल गयी और लोग सुरक्षित ठिकाने की ओर भाग निकले। दुकानों के शटर गिर गये। गोलियों की आवाज थमीं और लोग वहां पहुंचे तो पता चला कि सर्वेश सड़क पर लहूलुहान पड़ा हुआ है। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी। आनन-फानन में उसे एसआरएन भेजवाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने स्थानीय लोगों से बदमाशों के बारे में पूछताछ की लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं लगा। इसके बाद सूचना वायरलेस पर प्रसारित करके चेकिंग के आदेश दे दिये गये। लेकिन, समाचार लिखे जाने के समय तक पुलिस के हाथ बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा था और न ही यह पता चल पाया था कि उसे गोली किसने और क्यों मारी।

कमर में बंधी थी रिवाल्वर की डोरी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक फौजी के कमर में रिवाल्वर की डोर बंधी हुई थी। मौके पर पहुंची पुलिस को रिवाल्वर का कोई सुराग नहीं मिला न ही स्पॉट या आसपास वह पड़ी मिली। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि फौजी अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर लेकर कमरे पर जा रहा था। बदमाश शायद उसकी रिवाल्वर लूटना चाहते थे। फौजी ने इसका विरोध किया तो उन्होंने रिवाल्वर छीनकर उसे ही गोली मार दी। हालांकि, इसे किसी ने भी स्पष्ट नहीं किया। मृतक के परिवार के सदस्य जौनपुर में ही रहना बताये जाते हैं। पुलिस ने उन्हें सूचना दे दी थी। कयास लगाया जा रहा है कि उनके यहां पहुंचने और तहरीर मिलने के बाद ही हत्यारों और हत्या के कारणों की कुछ जानकारी हाथ लग सकेगी।

फौजी की हत्या गोली मारकर की गयी है। हत्यारों को पकड़ने के लिए पुलिस टीमें लगा दी गयी हैं। उससे जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है कि उसकी किसी से कोई रंजिश तो नहीं थी। घटना का जल्द से जल्द खुलासा करने का पूरा प्रयास किया जाएगा।

नितिन तिवारी

एसएसपी, प्रयागराज