-शहर में ग्यारह दिनों तक चलने वाले गणपति महोत्सव का भव्यता के साथ हुआ शुभारंभ

ALLAHABAD: गणपति बप्पा मोरिया और घर में पधारो गजानन जी जैसे उद्घोष के बीच गुरुवार को गणपति महोत्सव का शुभारंभ हुआ। घंटा व घडि़याल की थाप के साथ उल्लास के माहौल में विघ्नहर्ता का ऐसा स्वागत घरों से लेकर पूजा पंडालों में किया गया। जहां बड़े-बुजुर्गो से लेकर महिलाएं व छोटे-छोटे बच्चों ने गजानन की विधि-विधान के साथ प्राण प्रतिष्ठा की। सार्वजनिक गणेश महोत्सव समिति बैरहना की ओर से गजानन की ग्यारह फिट ऊंची प्रतिमा को भगवान विष्णु के साथ विराजमान किया गया तो आचार्य चोटी पंडित व संयोजक आशीष पांडेय की अगुवाई में मेवा व पीले लड्डू का भोग लगाया गया।

कहीं बारह तो कहीं पंद्रह फिट की प्रतिमा

नवयुवक संघ गणेश पूजन समिति की ओर से मलाकराज में शंखनाद के बीच शिव पार्क के राजा की तर्ज पर पंद्रह फिट ऊंची प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा की गई। प्रतिष्ठा के बाद गजानन को लाल पेड़ा, लड्डू व काजू का भोग लगाया गया। महाराष्ट्र लोक सेवा मंडल द्वारा मंडल के परिसर में बारह फिट की प्रतिमा स्थापित की गई और गजानन को तिल का मो दक व मेवा की बर्फी का भोग लगाया गया। आदि श्री गणेश महोत्सव समिति दारागंज की ओर से निराला चौराहे पर आयोजित महोत्सव में गणपति बप्पा मोरिया की गूंज सुनाई देती रही।