खाने की सुरक्षा पर चाक -चौबंद हुआ फूड विभाग, स्कूली बच्चों को दी जाएगी जानकारी

>Meerut। किताबों के अलावा स्कूल में बच्चे अब फूड सेफ्टी व सिक्योरिटी एक्ट की पढ़ाई भी करेंगे। इसके तहत फूड विभाग की टीम स्कूलों में जाकर बच्चों को खाने के बारे में तमाम जानकारियां देगी। यही नहीं विभाग की ओर से स्कूलों में बकायदा क्लासेज भी शुरु की गई हैं।

विभाग ने शुरु किया अभियान

फूड हाईजीन, सेफ्टी, खाने में मिलावट, खाने से पहले और खाने के बाद बरतने वाली सावधानियां जैसी तमाम बातों को स्कूली बच्चों को बताने और समझाने के लिए विभाग की ओर से अभियान की शुरुआत हो गई हैं। जिसके तहत पहले कस्तूरबा बालिका स्कूल व विभाग ने जवाहर नवोदय विद्यालय सरधना से बच्चों को वर्कशॉप भी दे दी गई हैं। इस बारे में एफएसओ वैभव शर्मा ने बताया कि इस अभियान के तहत बच्चों को खाद्य सुरक्षा कानून के अलावा उपभोक्ता के अधिकारों व मिलावट की पहचान और उससे जुड़ी शिकायतें आदि के बारे में जानकारी दी जानी हैं। शासन के निर्देशों पर इस योजना को लागू किया गया है।

लगेगी वर्कशॉप

फूड विभाग की ओर से स्कूलों में बच्चों के लिए करीब आधा घंटे की वर्कशॉप भी दी जाएगी। इसके तहत बच्चों को पौष्टिक खान-पान व मिलावटी चीजों के बारे में बताया जाएगा। मिलावटी हल्दी, तेल, लाल मिर्च, आटा, दूध की पहचान करने के सिंपल टिप्स व सैंपलिंग प्रोसेज के बारे में भी विभाग की टीम बच्चों को जानकारी देगी। मिलावट के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्कूलों में इस तरह की वर्कशॉप का आयोजन किया जाएगा ताकि स्कूली बच्चों के जरिए समाज में जागरूकता फैलाई जा सके।

स्कूली बच्चों को सेहत के प्रति जागरूक करने व फूड सिक्योरिटी एक्ट के बारे में जानकारी देने के शासन के निर्देश हैं। स्कूलों की टाइमिंग और टीम की उपलब्धता के आधार पर स्कूलों का रैंडम चयन होगा।

अर्चना धीरान, डीओ, फूड विभाग