PATNA : बिहार पुलिस में स्टार का बड़ा खेल है। अन्य प्रदेशों की तरह यहां प्रमोशन पाने के बाद कंधे पर स्टार बढ़ता नहीं घट जाता है। गुरुवार को भी बिहार सैन्य पुलिस के 322 सब इंस्पेक्टरों को इंस्पेक्टर बनाया गया है। अब पावर तो बढ़ गया है लेकिन स्टार घट गया है। पदोन्नति के बाद सभी इंस्पेक्टरों को अलग अलग वाहिनी में तैनाती दे दी गई है।

पदोन्नति का था इंतजार

काफी दिनों से दारोगा को इंस्पेक्टर के पद पर पदोन्नति का इंतजार था। गुरुवार को यह इंतजार पूरा हुआ और पदोन्नति मिल गई। बिहार पुलिस हेडक्वार्टर से मिली जानकारी के मुताबिक सभी पदोन्नति पाए इंस्पेक्टरों को नई जिम्मेदारी के साथ लगाया गया है। दारोगा को पदोन्नति मिलने के बाद अब एएसआई को भी पदोन्नति मिलने का रास्ता साफ हुआ है।

7 दिन बाद आई सूची

पुलिस हेडक्वार्टर से मिली जानकारी के मुताबिक बिहार सैन्य पुलिस के 322 सब इंस्पेक्टरों को इंस्पेक्टर के पद पदोन्नति की प्रक्रिया कई दिनों से चल रही थी। एक मार्च को चयन पर्षद ने इनके प्रमोशन को हरी झंडी दी थी और फिर 6 मार्च को बीएमपी के डीजी एस के सिंघल ने आदेश जारी कर दिया। प्रमोशन के बाद इन इंस्पेक्टरों को अलग-अलग वाहिनियों में तबादला किया गया है। इस पद का आर्थिक लाभ इन्हें निरीक्षक पद में योगदान की तिथि से मिलेगा।

Posted By: Inextlive