ईकोग्रीन के संसाधन

1800 के करीब कर्मचारी

300 कुल ई-रिक्शा

478 हाथ रिक्शा

48 जीप

152 पीआईजिओ

90 मिनी टिपर

22 ट्रैक्टर ट्रॉली

ईकोग्रीन कंपनी का दावा

- 65 फीसद घरों से उठ रहा कूड़ा

- 35 फीसद घरों से ही नहीं उठ रहा कूड़ा

- वर्तमान में 65 फीसद घरों से ही कूड़ा कलेक्ट हो रहा

- घरों से कूड़ा न उठने से जनता को होती है परेशानी

LUCKNOW

शहर के 35 फीसद लोगों के घरों से अभी कूड़ा कलेक्ट नहीं हो रहा है। जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। निगम प्रशासन का दावा है कि इस माह के अंत तक हर घर से कूड़ा कलेक्शन का काम शुरू हो जाएगा लेकिन हकीकत तो 28 फरवरी के बाद ही सामने आएगी। निगम प्रशासन ने पहले भी इस दिशा में दावे किए थे, लेकिन नतीजा सिफर रहा।

65 फीसद घरों से कलेक्शन का दावा

ईकोग्रीन कंपनी के अधिकारी शहर के करीब 65 फीसद घरों से कूड़ा कलेक्शन का दावा कर रहे हैं। निश्चित रूप से पहले से ज्यादा इस सुविधा में सुधार हुआ है लेकिन अभी सभी को इस सुविधा का लाभ नहीं मिल रहा है। जिन एरिया में घरों से कूड़ा नहीं उठ रहा है, वहां रहने वाले सड़क या फिर खाली प्लाट में कूड़ा फेंकने को मजबूर हैं।

पुराने इलाके प्रभावित

जानकारी के अनुसार, शहर के पुराने इलाकों में अभी यह व्यवस्था पूरी तरह से प्रभावी नहीं हो सकी है। इसके साथ ही शहर के बाहरी इलाके भी इस सुविधा से कटे हुए हैं। यहां के लोगों ने कई बार निगम प्रशासन से इस संबंध में गुहार भी लगाई लेकिन स्थिति में कोई खास सुधार होता नजर नहीं आया।

कई बार हुए प्रयास

निगम प्रशासन की ओर से एक अप्रैल 2018 से घरों से कूड़ा कलेक्शन की नई व्यवस्था लागू की गई। जिसमें प्रत्येक जोन के 5 वार्ड चिन्हित किए गए। पहले इन वार्डो में शत प्रतिशत घरों से कूड़ा उठान की व्यवस्था को मजबूत करना था। इसके बाद दूसरे चरण में फिर पांच से सात वार्ड लिए जाने थे। नई व्यवस्था तो लागू हुई, लेकिन चयनित पांच वार्डो में से शत प्रतिशत कूड़ा कलेक्शन नहीं हो सका। जिसके बाद पार्षदों ने निगम प्रशासन से इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी।

यूजर चार्ज पर एक नजर

- 2 करोड़ हर माह अनुमानित यूजर चार्ज वसूली

- 1 करोड़ 15 लाख इस माह में चार्ज वसूलने का लक्ष्य

- 50 से 100 रुपये करीब प्रति कंज्यूमर यूजर चार्ज

संबंधित कंपनी को निर्देश दिए जा चुके हैं कि 28 फरवरी तक शत प्रतिशत घरों से कूड़ा कलेक्शन का काम शुरू हो जाए। इसे ध्यान में रखते हुए कंपनी की ओर से नई गाडि़यां भी लाई जा रही हैं। जिससे कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था प्रभावी होगी।

डॉ। इंद्रमणि त्रिपाठी, नगर आयुक्त

Posted By: Inextlive