- नगर निगम बोर्ड की मीटिंग में लिया गया फैसला

- 31 जनवरी तक मिलेगा छूट का लाभ

- नगर निगम कार्यकारिणी की 11वीं मीटिंग में छह नए सदस्यों ने ली शपथ

GORAKHPUR: नगर निगम कार्यकारिणी की 11वीं बैठक बुधवार को कार्यकारिणी चुनाव के बाद शुरू हुई। इस दौरान निर्वाचित हुए छह नए सदस्यों को शपथ दिलाई गई। इसके बाद बैठक शुरू हुई, जिसमें कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। शहरवासियों को 31 जनवरी तक बकाया हाउस टैक्स के ब्याज पर 50 प्रतिशत की छूट देने का फैसला किया है। कंज्यूमर्स को साल के पहले माह में इसका लाभ मिलेगा। इसके साथ ही शहर की गलियों को एलईडी बल्ब और सौर ऊर्जा पर आधारित ऑटोकट स्ट्रीट लाइट लगाने की स्वीकृत दी गई है। बैठक में सबसे पहले मेयर डॉ। सत्या पांडेय ने कार्यकारिणी के निर्वाचित 6 सदस्यों को स्वागत किया और कार्यकाल समाप्त होने के बाद बाहर हुए सदस्यों को धन्यवाद दिया। बैठक में उप सभापति मनु जायसवाल, नगर आयुक्त राजेश कुमार त्यागी व अन्य पार्षद व अधिकारी उपस्थित रहे।

शहर को मिलेगी एक्स्ट्रा बिजली

नगर निगम कार्यकारिणी का एलईडी बल्ब और सौर ऊर्जा के स्ट्रीट लाइट्स लगाने का निर्णय, महानगर वासियों के लिए राहत भरा है। नगर निगम के इस निर्णय से शहरवासियों को डेली करीब 30 से 45 मिनट तक एक्स्ट्रा बिजली मिल सकती है। वह इसलिए कि शहर में लगे 42 हजार स्ट्रीट लाइट्स से शहर को डेली 63 लाख यूनिट बिजली की बचत होगी। वहीं नगर निगम कार्यालय, जलकल बिल्डिंग और संक्रमण अस्पताल को सौर ऊर्जा से लैस कर देने से नगर निगम को हर माह 12 से 15 लाख रुपए की बिजली बिल की भी बचत होगी।

यह हुए प्रमुख निर्णय

- 26 जनवरी, 2016 को क्रिकेट मैत्री मैच में पार्षद एकादश एवं नगर आयुक्त एकादश के बीच मैच।

- ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए चौराहों पर लगी मूर्तियों के पैडेस्टल के आस-पास गोलम्बर को छोटा करने और नाले व नालियों हटाते हुए सौंदर्यीकरण।

- राप्तीनगर के डॉक्टर लेन के बीच बने पार्क का नाम डॉ। राम दरश त्रिपाठी और गायत्री नगर में रामबली वर्मा के मकान से खजुरहिया शिवमंदिर तक मार्ग का नाम स्वामी विवेकानन्द मार्ग पर रखा जाएगा।

- नामकरण समिति के पद पर उपसभापति पद पर उपसभाति मनु जायसवाल व सदस्य के पद पर धर्मदेव चौहान, अमीरुद्दीन अंसारी, मनोज सिंह, रमेश प्रताप गुप्ता को बनाया गया।

- सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के अंतर्गत 18 स्थानों पर पम्प लगाने के लिए मेन होल आदि बनाने के प्रस्ताव की स्वीकृति व महेसरा में सॉलिड वेस्ट के लिए बनाए गए पिट को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति

- नगर निगम के तीनों भवनों पर सौर ऊर्जा का प्लांट लगाने हेतु स्वीकृति प्रदान

- नगर निगम के वित्तीय वर्ष 2015-16 का पुनरीक्षित को स्वीकृति।

Posted By: Inextlive