- सिटी के बीचों बीच स्थित एक रेस्टोरेंट के किचन में लगी आग

- आग से रेस्टोरेंट के किचन में काम कर रहे कर्मचारियों में मचा हड़कंप

- फायर सर्विस ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू

DEHRADUN : सिटी के बीचों बीच स्थित पंजाब रेस्टोरेंट के किचन में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग भीषण रूप लेती इससे पहले ही मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक किचन में लगी हजारों रुपए की डक (चिमनी) जलकर खराब हो गई।

चिमनियों की नहीं हुई थी सफाई

दरअसल, घंटाघर के समीप पंजाब रेस्टोरेंट है, जिसके फ‌र्स्ट फ्लोर पर किचन है। बताया जा रहा है कि शाम करीब पांच बजे किचन में कर्मचारी खाना बनाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान किचन से धुआं बाहर निकालने के लिए लगी डक (चिमनी) में आग लग गई। जिससे मौके पर तैनात कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों ने आग पर काबू करने के लिए पंखे चला दिए, लेकिन इससे आग बुझने के बजाय और विकराल रूप ले गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने चिमनी में धधक रही आग पर आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद काबू पा लिया। अग्निशमन अधिकारी शिव प्रसाद सेमवाल ने बताया कि रेस्टोरेंट में धुआं बाहर निकालने के लिए लगाई गई चिमनियों की लंबे समय से सफाई नहीं हुई थी। जिस कारण वे चिकनाई से भरी हुई थी। संभवत: इसी चिकनाई के चलते नीचे जल रही भट्टी से चिमनी ने आग पकड़ ली। समय रहते आग पर काबू न पाया जाता तो नुकसान बढ़ सकता था।

Posted By: Inextlive