RANCHI: राजधानी के कई स्कूल सरकारी आदेश को भी नहीं मान रहे हैं। बारिश व कड़ाके की ठंड के बावजूद छोटे-छोटे बच्चे ठिठुरते हुए मंगलवार को भी स्कूल पहुंचे। जबकि राज्य के शिक्षा सचिव और जिले के डीसी ने सभी स्कूलों को बंद करने या फिर टाइमिंग बदलने का निर्देश दिया था। प्राइमरी स्कूलों को जहां बंद करना है वहीं मिडिल स्कूलों को 10 बजे से चालू करने का निर्देश दिया गया था। इसके बावजूद कई स्कूलों ने सरकारी आदेशों का पालन नहीं किया और छोटे-छोटे बच्चों को बारिश व ठंड के बीच ठिठुरते हुए स्कूल पहुंचना पड़ रहा है।

सचिव ने डीसी को लिखा था पत्र

शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव ने सभी जिलों के डीसी को पत्र लिखा था। इसमें कहा गया है कि शरद ऋतु के आगमन और वर्तमान में हो रही बारिश से बढ़ी ठंड के कारण स्कूल के संचालन अवधि पर निर्णय लें। सरकारी स्कूलों का संचालन सुबह 8 के बजाय 10 बजे से किया जाए। सभी प्राइमरी स्कूलों को बंद करना ठीक होगा। या दिन के 11 से 1 बजे तक मौसम ठीक रहने पर ही खोले जाएं.सचिव के पत्र के आधार पर ही रांची डीसी ने आदेश जारी किया था।

डीसी का क्या है आदेश

रांची डीसी ने आदेश जारी किया था कि रांची में कक्षा एक से पांच तक के सभी निजी व सरकारी स्कूल मंगलवार से बंद रहेंगे। वहीं, मीडिल स्कूल भी अब सुबह 8 बजे के बजाय 10 बजे से चलेंगे। डीसी ने कहा था कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से मौसम अच्छा होने तक के लिए प्रभावी होगा। इस संबंध में उन्होंने डीईओ व डीएसई को आदेश का तामिला कराने का निर्देश दिया है।

Posted By: Inextlive