रांची : भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा अपने दो दिवसीय झारखंड प्रवास के क्रम में शनिवार को रांची पहुंच रहे हैं। यहां वे संगठन के स्तर पर कई बैठकें करेंगे। समाज के प्रबुद्ध वर्ग के साथ मुलाकात भी करेंगे और पार्टी के सदस्यता अभियान में भी शामिल होंगे। कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद वे पहली बार रांची पहुंच रहे हैं। रांची एयरपोर्ट पर उनके भव्य स्वागत की तैयारी की गई है।

10.30 बजे पहुंचेंगे

तयशुदा कार्यक्रम के अनुसार जेपी नड्डा 10.30 बजे बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट पर भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के कार्यकर्ताओं द्वारा उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया जाएगा। वे बिरसा चौक पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी करेंगे। दोपहर एक बजे से नड्डा संगठन की बैठकों का सिलसिला शुरू करेंगे। इस क्रम में दोपहर एक बजे से कोर कमेटी, 3.30 बजे प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष व जिला सदस्यता प्रभारी एवं सह सदस्यता प्रभारी के साथ बैठक में शामिल होंगे। 5.30 बजे हरमू रोड स्थित कार्निवाल बैंक्वेट हाल में पार्टी द्वारा आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन में भाग लेंगे। रात्रि आठ बजे मुख्यमंत्री आवास में सांसद व विधायकों के साथ बैठक करेंगे। रात्रि विश्राम स्टेट गेस्ट हाउस में करने के बाद अगले दिन वे ओरमांझी के पांचा गांव स्थित बूथ पर जाएंगे। यहां वे पार्टी के बूथ स्तरीय सदस्यता अभियान में शामिल होंगे। पौधरोपण कार्यक्रम में भी भाग लेंगे। रविवार को वे सेवा विमान से दिन में 12.25 बजे नई दिल्ली के लिए वापस लौट जाएंगे।

Posted By: Inextlive