-बाथरूम के बाहर गंदगी का अंबार

-मरीजों को इंफेक्शन का खतरा

RANCHI: रिम्स की व्यवस्था सुधरने की बजाय दिनों दिन खराब होती जा रही है। हास्पिटल के न्यूरो वार्ड के आईसीयू में लगा एसी पिछले पांच दिनों से खराब है। इससे वार्ड में भर्ती मरीज गर्मी से बेहाल हैं। वार्ड में गंदगी का भी अंबार है। इससे मरीजों में इंफेक्शन का खतरा बढ़ गया है। पेशेंट्स को हो रही परेशानियों की शिकायत हॉस्पिटल मैनेजमेंट से कई बार की गई, लेकिन हालात नहीं बदले।

नाम के लिए लगे हैं पंखे

हॉस्पिटल के न्यूरो वार्ड में लगा सेंट्रल एसी काम नहीं कर रहा है। ऐसे में आईसीयू में भी मरीज गर्मी से बेहाल हैं। वहीं वार्ड में पंखे भी गिनती के लगाए गए हैं, जिनसे गिनती के मरीजों को ही हवा मिल रही है। बाकी मरीजों के परिजन हाथ पंखा झेल-झेलकर परेशान हैं। न्यूरो वार्ड के बाथरूम की स्थिति बदतर है। चारों ओर फैली गंदगी से पेशेंट्स और उनके अटेंडेंट्स की परेशानी बढ़ गई है।

क्या कहते हैं अटेंडेंट

हॉस्पिटल में कुछ भी ठीक नहीं है। एसी पिछले कई दिनों से खराब पड़ा है। इसकी कंप्लेन भी की गई लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। ऐसे में गर्मी में रहने को मजबूर हैं।

-मुकेश पंडित

एसी खराब पड़ा है और इसे ठीक करने वाला कोई नहीं है। वार्ड में तो पर्याप्त पंखे भी नहीं है। गिन कर दो-तीन वाल फैन लगे हैं। यहां हमारी परेशानी सुनने वाला कोई नहीं है।

-अनूप कुमार

पंखा है नहीं और एसी खराब है। ऐसे में हाथ का पंखा ही सहारा है। रिम्स मैनेजमेंट को इस मामले में ध्यान देना चाहिए। गर्मी काफी ज्यादा होने की वजह से मरीजों को परेशानी हो रही है।

-हरेंद्र सिंह

Posted By: Inextlive