देहरादून: राजपुर रोड पर नशे में कार चलाते एक सिविल इंजीनियर ने पैदल चल रहे राजमिस्त्री को रौंद दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक इंजीनियर काफी नशे में था, उसे मौके पर ही अरेस्ट कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया है।

केस दर्ज, कार सीज

हादसा बुधवार देर रात करीब 12 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि मसूरी की ओर से तेज गति से आ रही एक कार ने सड़क के किनारे चल रहे राजमिस्त्री को कुचल दिया। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। बताया जा रहा है कि कार चालक सिविल इंजीनियर काफी नशे में कार चला रहा था, हादसे के बाद थोड़ी दूर जाकर उसने कार रोक दी। पुलिस जब तक मौके पर पहुंची राजमिस्त्री की मौत हो चुकी थी। उसके पास मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान आमिर खान (25) पुत्र मुमताज अली निवासी राजपुर के रूप में हुई। कार चालक की पहचान विनोद कुमार पुत्र हिम्मत सिंह निवासी मोथरोवाला रोड, नेहरू कॉलोनी के रूप में हुई। एसपी सिटी श्वेता चौबे ने बताया कि विनोद वन विभाग में सिविल इंजीनियर के पद पर कार्यरत है। मेडिकल के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। विनोद के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और गैर इरादतन हत्या का केस डालनवाला थाने में दर्ज कर लिया गया है। कार सीज कर दी है।

Posted By: Inextlive