-पीलीभीत बाईपास पर दम्पत्ति पर फेंका था तेजाब

-पुलिस की निगरानी में भर्ती, जेब में मिला सुसाइड नोट

BAREILLY: पीलीभीत बाईपास पर बजरंग ढाबा के पास दंपत्ति पर एसिड अटैक का आरोपी कुलदीप पुलिस की निगरानी में गंगा चरण हॉस्पिटल में एडमिट है। उसने वारदात के बाद जहर खाकर जान देने की कोशिश की। उसने एक सुसाइड नोट भी लिखा है, जिसमें महिला के द्वारा धोखा देने का आरोप लगाया है। पुलिस उसकी हालत में सुधार आने के बाद गिरफ्तार कर लेगी। पुलिस अधिकारी जल्द मामले के खुलासे की बात कह रहे हैं, लेकिन थाना पुलिस अभी मामले को दबाने में जुटी है।

दंपत्ति पर किया था अटैक

बता दें कि संडे रात बजरंग ढाबा के पास दंपत्ति पर एसिड अटैक किया गया था, जिसमें दंपत्ति गंभीर रूप से झुलस गए थे। परिजनों ने अवैध संबंध बनाने से इनकार करने पर पड़ोसी कुलदीप पर एसिड फेंकने का आरोप लगाया था। पुलिस ने उसके जहानाबाद पीलीभीत स्थित घर पर भी दबिश दी थी, लेकिन वह परिवार के साथ फरार हो गया था। इधर पुलिस को ट्यूजडे सूचना मिली कि वह किसी हॉस्पिटल में एडमिट है, जिसके आधार पर पुलिस ने उसे ट्रेस कर लिया है। वह गंगाचरण हॉस्पिटल के आईसीयू में एडमिट है। उसने जहर खाया है। पुलिस को शुरुआत में लगा कि वह बहाना बना रहा है लेकिन डॉक्टर ने उसकी हालत गंभीर बनायी है। पुलिस को उसके पास से एक नोट भी मिला है, जिसमें उसने महिला से प्यार करने, उस पर रुपए खर्च करने और महिला के द्वारा धोखा देने की बात लिखी है।

एसिड अटैक का आरोपी हॉस्पिटल में एडमिट है। उसने जहर खाया है। एक नोट भी मिला है। मामले की जांच की जा रही है।

अभिनंदन सिंह, एसपी सिटी

Posted By: Inextlive