- विवाद के बाद हरकत में आए पुलिस-प्रशासन के अफसर

- अवैध स्टैंड से वसूली की रार में सीओ ट्रैफिक पर कार्रवाई

GORAKHPUR: शहर के भीतर अवैध टैक्सी स्टैंड से होने वाली वसूली अफसरों के गले की फांस बनने लगी है। सीओ ट्रैफिक के सस्पेंशन के बाद धीरे-धीरे पूरा खेल सामने आने लगा है। वसूली की गुटबाजी लेकर गोरखपुर से लेकर लखनऊ तक हड़कंप मचा हुआ है। बदनामी का दाग धोने के लिए पुलिस- प्रशासन के अधिकारी हरकत में आ गए हैं। मंगलवार को अभियान चलाकर ट्रैवलर के खिलाफ कार्रवाई हुई। उधर इस समस्या के परमानेंट सॉल्युशन के लिए पुलिस अधिकारी नया प्रपोजल तैयार करने में जुटे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रॉपर स्टैंड की व्यवस्था होने से समस्या का समाधान हो सकेगा।

कहां जाती थी तीन हिस्सों में बंटी वसूली

पैडलेगंज में अवैध स्टैंड से वसूली को लेकर दो गुटों में छिड़ी रार में सीओ ट्रैफिक संतोष सिंह पर गाज गिर गई थी। पूर्व में वाहनों का संचालन कराने वाले कल्लू सिंह, जीत सिंह की शिकायत पर वसूली के आरोप में विनय कुमार सिंह के खिलाफ सीओ ने मुकदमा दर्ज कराया था। विनय की पत्नी ने सीएम से मिलकर इस मामले में ज्यादती का आरोप लगाया। सीएम के आदेश पर हुई जांच में रिश्तेदार को मदद पहुंचाने के आरोप में सीओ को शासन ने सस्पेंड कर दिया। लेकिन यह बात सामने आई कि विनय सिंह आठ सौ रुपए की वसूली करते थे। सौ रुपए निकालकर बाकी पैसा किसी अन्य के पास भेजा जाता था। जिसमें तीन-तीन सौ रुपए के दो हिस्से बंटते थे। जबकि सौ रुपया एक अन्य अधिकारी को दिया जा रहा था। मामला सामने आने के बाद पुलिस-प्रशासन के अधिकारी कार्रवाई के मूड में आ गए हैं।

सड़क पर बने स्टैंड, लगते रहते आरोप

शहर के भीतर टैक्सी संचालन के लिए कोई स्टैंड नहीं है। नगर निगम की ओर से कभी प्रयास नहीं किया गया है कि कोई प्रॉपर जगह बनाई जाए। ताकि वाहनों के संचालन के लिए परमानेंट इंतजाम हो सके। नगर निगम के अफसरों की लापरवाही से जहां-तहां से टैक्सी वाहनों का संचालन होता है। उनसे वसूली के लिए पुलिस बदनाम होती है। रेलवे स्टेशन से अवैध वाहनों का संचालन ठप होने के बाद सभी वाहन पैडलेगंज, रेल म्यूजियम के पास और नौसढ़ से चलने लगे थे। सड़कों पर बने स्टैंड से वसूली को लेकर गुटबाजी, मारपीट और विवाद की शिकायतें मिलती रहती हैं। इसलिए मोटर मालिकों भी स्टैंड की मांग उठाते रहते हैं।

दिनभर चला अभियान, काटे गए चालान

विवाद के बाद पुलिस-प्रशासन हरकत में नजर आया। मंगलवार को गोरखपुर से लखनऊ तक संचालित होने वाले ट्रैवलर पर पुलिस और आरटीओ इनफोर्समेंट का डंडा चला। दोनों विभागों की अलग-अलग टीमों ने कार्रवाई करते हुए वाहनों का चालान काटा। करीब 10 वाहनों को पुलिस ने खड़ा करा लिया। आरटीओ ने दो वाहनों को थाना में खड़ा कराया। अवैध ढंग से संचालन के आरोप में 16 का चालान काटा। जबकि ट्रैफिक पुलिस ने छह वाहनों को पुलिस लाइन में यार्ड में खड़ा कराकर जुर्माना वसूल किया।

वर्जन

अभियान चलाकर कार्रवाई की गई है। वाहनों का चालान काटा गया है। अवैध ढंग से संचालन रोकने के लिए अभियान जारी रहेगा।

- आदित्य प्रकाश वर्मा, एसपी ट्रैफिक

आरटीओ इनफोर्समेंट की टीम ने दो वाहनों को जब्त किया है। 16 वाहनों का चालान काटकर शमन शुल्क वसूला गया। आरटीओ की टीम कार्रवाई में लगी रहेगी।

- डीडी मिश्रा, आरटीओ इनफोर्समेंट

Posted By: Inextlive