- प्रशासन ने की सिटी के प्रथम नागरिक की अनदेखी

- मेयर ने आधिकारिक रूप से ताज महोत्सव का किया बहिष्कार

- ताज महोत्सव के निमंत्रण पत्र में नहीं किया गया नाम दर्ज

agra@inext.co.in AGRA। किसी और की बात छोडि़ए, प्रशासन ने सिटी के प्रथम नागरिक यानि मेयर को ही नजरअंदाज कर दिया। आपको यकीन तो नहीं होगा, लेकिन यह पूरी तरह से सच है। मामला सिटी में चल रहे ताज महोत्सव से जुड़ा है। प्रोटोकॉल में महत्वपूर्ण दर्जा रखने वाले सिटी के प्रथम नागरिक मेयर इन्द्रजीत सिंह आर्य को प्रशासन द्वारा खुद को इग्नोर करना नागवार गुजरा है। नतीजतन, उन्होंने आधिकारिक रूप से ताज महोत्सव का बहिष्कार कर दिया है और बाकायदा इसकी सूचना शासन को भी भ्ोज दी है।

निमंत्रण पत्र से नाम गायब

प्रशासन ने सिटी के शिल्पग्राम में आयोजित कराए जा रहे ताज महोत्सव के निमंत्रण पत्र में सिटी के प्रथम नागरिक मेयर इन्द्रजीत सिंह आर्य के नाम की अनदेखी कर दी। सिटी में ताज महोत्सव कार्यक्रम के आयोजन की लिस्ट में मेयर का नाम कहीं भी नहीं दर्शाया गया है।

पहली बार हुआ है ऐसा

सिटी में ताज महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन पिछले 23 साल से किया रहा है, जिसमें ऐसा पहली बार हुआ है कि सिटी के प्रथम नागरिक मेयर को इस कार्यक्रम में निमंत्रण पत्र नहीं भेजा गया और निमंत्रण पत्र में नाम तक दर्ज नहीं कराया गया।

पार्षदों ने भी किया सपोर्ट

सिटी में आयोजित होने वाले ताज महोत्सव में मेयर की अनदेखी को लेकर सिटी के पार्षदों ने भी उनका समर्थन करते हुए ताज महोत्सव का बहिष्कार कर दिया है।

शासन से की लिखित शिकायत

मेयर इन्द्रजीत सिंह आर्य व पार्षदों ने शासन से अपनी अनदेखी किए जाने की लिखित शिकायत की है। मेयर ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, नगर विकास मंत्री मो। आजम खां, राज्यपाल बीएल जोशी, केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री कपिल सिब्बल, पर्यटन मंत्री सहित नगर विकास प्रमुख सचिव को पत्र लिखकर नाराजगी व्यक्त की है।

पुरस्कार लेने विदेश गई थी तत्कालीन मेयर

एक ओर प्रशासन ने निमंत्रण पत्र पर मेयर का नाम दर्ज कराना मुनासिब नहीं समझा, वहीं दूसरी ओर पूर्व में ताजमहल को सात अजूबों में पहला स्थान मिलने पर सिटी की तत्कालीन मेयर अंजुला सिंह माहौर पुरस्कार प्राप्त करने के लिए लिस्बन गई थीं। जब देश के सबसे बड़े पुरस्कार को लेने के लिए मेयर का नाम चयनित किया गया था, तो अपने ही घर में आयोजित किए जाने वाले ताज महोत्सव में मेयर की अनदेखी क्यों की गई।

दस दिवसीय आयोजन है ताज महोत्सव

ताज महोत्सव का आयोजन 18 फरवरी से 27 फरवरी तक आयोजित किया जाना है, जिसमें शामिल होने के लिए देश से ही नहीं बल्कि विदेशी भी आ रहे हैं। बड़े स्तर पर ताज महोत्सव के आयोजन में शामिल होने के लिए लोग आगरा आते हैं, लेकिन उसी कार्यक्रम के आयोजन में सिटी के मेयर का नाम अंकित नहीं किया गया है।

'सिटी में आयोजित किए जाने वाले ताज महोत्सव में मेरा नाम कहीं दर्ज नहीं किया गया है, जबकि आधिकारिक तौर पर सिटी का मेयर प्रथम नागरिक के रूप में जाना जाता है। मैंने इसकी शिकायत शासन से भी की है'

इन्द्रजीत सिंह आर्य, मेयर

"ताज महोत्सव हमारी ही सिटी में आयोजित किया जाता है, लेकिन इस बार मेयर व पार्षदों को इसमें नहीं बुलाया गया है। जिसके कारण मेयर के साथ-साथ हम पार्षदों ने भी ताज महोत्सव का बहिष्कार किया है।

अर्चना गर्ग, पार्षद

Posted By: Inextlive