- लालइमली के कर्मचारियों को इंतजार है खुशियों भरी दीवाली का

- पूरी क्षमता से लालइमली चले तो उत्पादन राशि से सैलरी मात्र एक चौथाई

KANPUR : कभी लालइमली का घंटा बजने के साथ सिटी में हजारों घरों के चूल्हे जलते थे, लेकिन मिल की बंदी ने 12 साल से चूल्हे ही नहीं दीपावली के दीपक भी बुझा दिए हैं। अब लालइमली के 1354 कर्मचारियों को इस बात का इंतजार है कि क्या कभी उनकी भी खुशियों भरी 'दीवाली' मनेगी। वर्तमान में भी उनकी चार महीने की सैलरी बकाया है।

कई सवालों में कर्मचारी उलझे

कपड़ा मंत्री संतोष गंगवार के यहां आने के बाद फिर से सवाल खड़ा हो गया है कि क्या लालइमली अपनी पूरी क्षमता के साथ चलेगी? क्या इस मिल को प्राइवेट हाथों में सौंप दिया जाएगा और सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या यहां के श्रमिकों का पेट भरेगा या फिर नए लोग आएंगे। इस वक्त लालइमली में सन्नाटे के बीच कर्मचारियों में ऐसे ही कई सवालों पर बहस हो रही है।

हर मजदूर कर्जदार हो गया

लालइमली बंद होने से 1354 कर्मचारियों के परिवारों पर गाज गिर गई। महाप्रबंधक राजा मित्रा का कहना है कि आज की तारीख में लालइमली का 95 फीसदी स्टाफ गर्दिश के दिन गुजार रहा है। यूनियन लीडर बीएम त्रिपाठी बोले कि यहां का हर मजदूर गले तक कर्ज में डूबा हुआ है। कई के बच्चों की पढ़ाई अधूरी रह गई। उनके घरों में खाने के लाले हैं, कोई मजदूरी कर रहा है या ठेला लगाता है। अभी पिछले महीने बदहाली से ऊब कर एक श्रमिक की पत्‍‌नी ने आग लगाकर जान दे दी थी। यहां के करीब डेढ़ दर्जन कर्मचारियों की बदहाली की दशा झेलते हुए अपनी रिटायरमेंट उम्र से पहले ही मौत हो गई। इसी साल पांच कर्मचारियों की मौत हो चुकी है।

साल भर की सैलरी सिर्फ 32 करोड़

लालइमली में कुल 1354 कर्मचारी व ऑफिसर हैं। इनकी पूरे साल की सैलरी लगभग 32 करोड़ रुपए बनती है। अगर लालइमली में पूरी क्षमता के साथ उत्पादन किया जाए, तो यह सैलरी उत्पादन राशि का एक चौथाई भी नहीं होगी।

लालइमली की अदालत

लालइमली भले ही बंद है, लेकिन राजनीति के लिए इसका नाम खूब चल रहा है। भले ही किसी ने लालइमली के लिए कुछ किया हो या न किया हो। लालइमली उनसे सवाल पूछ रही है कि

- आपने लालइमली चलाने के लिए क्या प्रयास किए?

इस सवाल का जवाब देते हुए भाजपा विधायक सतीश महाना ने कहा कि पिछले सत्र में ही सदन में लालइमली की जमीनों की लीज का मुद्दा उठाया था। इसके अलावा दिल्ली जाकर कपड़ा मंत्री संतोष गंगवार से मिला और उन्हें लालइमली की दशा बताई।

Posted By: Inextlive