GORAKHPUR: नगर निगम कार्यकारिणी और बोर्ड की बैठक में रविवार को 2019-20 के लिए नगर निगम के 285.07 करोड़ का बजट पास कर दिया गया। आय के सापेक्ष अगामी सत्र में 326.38 करोड़ के व्यय का अनुमान किया गया है। सत्र का बजट 2018-19 की अपेक्षा 27.48 करोड़ रुपए कम है। पिछले सत्र में निगम की आय 312.55 करोड़ रुपए और व्यय 356.41 करोड़ रुपए था। 2019-20 में आय 285.07 और 326.38 करोड़ रुपए व्यय का अनुमान लगाया गया है। हालांकि इतने महत्वपूर्ण विषय पर कार्यकारिणी व सदन दोनों की बैठक में चर्चा ही नहीं सकी। दोनों बैठकों में 30 मिनट से कम समय में भी बजट पास कर दिया गया। रविवार शाम 3:30 बजे शुरू हुए बोर्ड की बैठक की कार्रवाई भी आधे घंटे के अंदर ही समाप्त हो गई। बैठक शुरू होते ही पार्षद वरीयता की मांग को लेकर नारेबाजी होने लगी तो मेयर के 10 लाख के प्रस्ताव को पार्षदों ने मना कर दिया। जिसके बाद पार्षद वरीयता 15 लाख रुपए करने पर सहमति बन गई।

बृजेश सिंह छोटू बने उपसभापति

रविवार को 11 बजे कार्यकारिणी की बैठक शुरू हुई जिसमें बहुमत से वार्ड नंबर सात राप्तीनगर प्रथम के पार्षद बृजेश सिंह छोटू को उपसभापति चुना गया। हालांकि सपा पार्षदों ने आरोप लगाया कि नगर निगम अधिनियमों का उल्लंघन किया गया है। साथ ही उन्होंने बैठक की पूर्व सूचना देने में नियमों के उल्लंघन का भी आरोप लगाया। इस दौरान सपा पार्षदों ने जमकर नारेबाजी की और कार्यकारिणी बैठक के दौरान फर्श पर बैठ गए। जिसके बाद जल्दबाजी में प्रस्तुत हुए प्रस्तावों पर चर्चा किए बगैर उन्हें पास कर दिया गया।

'लोकतंत्र की हत्या कर हुआ चुनाव'

कार्यकारिणी बैठक में उप सभापति के चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने जमकर नारेबाजी की। पार्षद व सपा नेता जियाउल इस्लाम ने उपसभापति के चुनाव को नियमों का उल्लंघन बताते हुए इसे भाजपा द्वारा लोकतंत्र की हत्या का प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि नगर निगम अधिनियम की धारा 52 के तहत कार्यकारिणी समिति व उपसभापति का निर्वाचन अनुपाती प्रतिनिधित्व पद्धति के अनुसार एकल संक्रमणीय मत द्वारा होगा और निर्वाचन मतदान के जरिए होगा। जबकि रविवार को उपसभापति के निर्वाचन के दौरान किसी अन्य सदस्य को नामांकन तक का मौका नहीं दिया गया। सपा पार्षदों ने सवाल किया कि निर्विरोध भी तभी उपसभापति चुने जाते हैं जब कोई अन्य नामांकन नहीं प्राप्त होता है। चुनाव प्रक्रिया में नियमों को दरकिनार कर दिया गया है।

निगम की आय

प्रारंभिक अवशेष 71.77 करोड़

कर से आय 25.83 करोड़

करेतर आय 45.68 करोड़

अन्य आय 11.56 करोड़

निगम का व्यय

अधिष्ठान व्यय 112.29 करोड़

जलापूर्ति व सीवरेज 27.13 करोड़

स्वास्थ्य व सफाई 27.90 करोड़

पथ प्रकाश 7.22 करोड़

सार्वजनिक निर्माण 135.16 करोड़

अन्य मदों में 16.68 करोड़

शासकीय अनुदानों से आय 202 करोड़

कार्यकारिणी बैठक के मुख्य निर्णय

कार्यकारिणी बैठक में 5वीं व 6वीं बैठक के कार्यवाही की पुष्टि की गई। इसके बाद पार्षद राधे श्याम रावत के अनुमोदन पर सर्वसम्मति से उपसभापति बृजेश सिंह छोटू को चुना गया। वार्ड नंबर 30 महेवा के पार्षद रामभुआल कुशवाहा के अनुरोध पर ट्रांसपोर्ट नगर पुलिस चौकी के पास निगम की जमीन पर अवस्थापना विकास निधि से लगभग 350 दुकानें बनवाने का निर्णय लिया गया।

- भलोटिया मार्केट में सड़क एवं नालियों के निर्माण के लिए गृह स्वामियों को नोटिस दिया जाएगा।

- वार्ड नंबर 54 भेडि़यागढ़ में नंदन भवन से विष्णु मंदिर तक के मार्ग का नाम 'सरदार वल्लभ भाई पटेल' के नाम पर रखा जाएगा।

- नगर निगम के आउट सोर्सिग सफाई कर्मचारियों का शीघ्र भुगतान किया जाएगा।

- बिना कार्यकारिणी की सहमति के निगम निधि के उपयोग पर रोक अथवा मेयर की सहमति अनिवार्य तौर पर ली जाएगी।

- निगम एरिया में आठ हजार खाली पोलों की बजाए डिवाइडर्स पर न लगाया जाए।

- निगम द्वारा सफाई के लिए वाहनों के तेल सहित अन्य मदों का प्रतिवार्ड औसत निकाला जाएगा।

- संभावित बचत से डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की व्यवस्था में खर्च किया जाएगा।

- महुईसुघरपुर में कई वर्षो से नगर निगम की भूमि पर बनी दुकानों को निगम का किराएदार बनाया जाएगा।

बोर्ड की बैठक में निर्णय

- एअरपोर्ट के सामने चारूचन्द्रपुरी ट्रस्ट से अनुबंध की कार्यवाही जल्द पूरी की जाए। निगम यहां पर स्टैंड बनवाएगा।

- राप्ती नदी तट पर नौसड़ की ओर 100 मीटर पक्के घाट का निर्माण होगा। 14.45 करोड़ का प्रस्ताव शासन को भेजा गया।

Posted By: Inextlive