-सभी जिलों में सरकार स्थापित करेगी जैविक खाद कलस्टर : रघुवर

-सीएम ने कहा, झारखंड की प्रतिस्पद्र्धा गुजरात, महाराष्ट्र से नहीं, विकसित राष्ट्रों से है

रांची : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि राज्य सरकार राज्य में जैविक (आर्गेनिक) खेती को बढ़ावा देने के लिए राज्य के सभी 24 जिलों में जैविक खाद कलस्टर स्थापित करेगी। रांची के खेलगांव स्थित टाना भगत स्टेडियम में दो दिवसीय ग्लोबल एग्रीकल्चर एंड फूड समिट के समापन समारोह में उन्होंने योग गुरु बाबा रामदेव के इस सुझाव को सहर्ष स्वीकार करते हुए इसकी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने किसानों से आर्गेनिक खेती करने का आह्वान करते हुए कहा, किसान जैविक उत्पादों की बिक्री के लिए बाजार की चिंता न करें। खरीदने के लिए योग गुरु बैठे हैं। उन्होंने झारखंड को आर्गेनिक हब के रूप में विकसित करने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने राज्य के किसानों की मेहनत, क्षमता और सरलता की प्रशंसा करते हुए कहा कि झारखंड की प्रतिस्पद्र्धा गुजरात, महाराष्ट्र जैसे राज्यों से नहीं, दुनिया के विकसित राष्ट्रों से है। अब पूरी दुनिया में झारखंड के प्रोड्क्ट्स बिकेंगे। झारखंड दुनिया का विकसित राज्य बनने की क्षमता रखता है क्योंकि इसके पास प्रचुर खनिज संपदा और मेहनती मानव संसाधन हैं। मुख्यमंत्री ने जहां कृषि क्षेत्र में विकास की रिकार्ड दर को बड़ी उपलब्धि बताई, वहीं राज्य में दूध के उत्पादन कम होने पर चिंता भी व्यक्त की। कहा, राज्य में प्रतिवर्ष तेरह हजार करोड़ रुपये का दूध बाहर से आता है।

सहकारी समिति बनाएं

उन्होंने दूध का उत्पादन बढ़ाने के लिए महिलाओं की सहकारी समितियां बनाने की भी बात कही। कहा, राज्य में दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए भी एक्शन प्लान तैयार करने का निर्देश अधिकारियों को दिया गया है। आजादी के 67 वर्ष तक विभिन्न सरकारों ने पाश्चात्य देशों के औद्योगिकीकरण को अपनाने का काम किया। पहली बार किसी प्रधानमंत्री ने गांवों के विकास और किसानों की आय दोगुनी करने पर जोर दिया। कहा, जापान, ताइवान, दक्षिणी कोरिया, इजरायल जैसे राज्यों ने ग्रामीण अर्थव्यस्था को विकसित कर ही ताकतवर देश बना। भारत को भी अब महाशक्ति बनने से कोई रोक नहीं सकता।

Posted By: Inextlive