उतारा था एक्सप्रेस वे पर लड़ाकू विमान

एसबीपी सिन्हा होंगे नए वायु अफसर कमांडिंग इन चीफ

ALLAHABAD: एयर मार्शल कुलवंत सिंह गिल मध्य वायु कमान मुख्यालय के वायु अफसर कमांडिंग इन चीफ अपने पद से मुक्त हो गए हैं। उन्होंने थर्सडे को अपना कार्यभार छोड़ा। उन्होंने अपने चार दशक के सेवाकाल में देश और विदेश में महत्वपूर्ण पदों पर रहकर सेवाएं दीं। कुलवंत सिंह गिल का कार्यकाल सफलताओं से भरा रहा है। उनके समय में ही आगरा नोएडा एक्सप्रेस वे पर लड़ाकू विमान उतारने की उपलब्धि हासिल की गई थी।

उड़ा चुके हैं कई फाइटर प्लेन

गिल के अंतिम कार्यदिवस पर मुख्यालय में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान युद्ध स्मारक पर श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वायु योद्धाओं ने गार्ड ऑफ आनर परेड व पुल एशोर जैसे आयोजन किए। जनसम्पर्क अधिकारी बीबी पांडेय ने बताया कि एयर मार्शल एसबीपी सिन्हा मध्य वायु कमान मुख्यालय के नए वायु अफसर कमांडिंग इन चीफ होंगे। वे फ्राइडे को कार्यभार संभालेंगे। नए चीफ हंटर मिग 21, मिराज 2000 एवं सू 30 एमकेआई फाइटर वायुयान उड़ा चुके हैं।

3700 घंटे उड़ान भरने की महारत

एयर मार्शल सिन्हा को 3700 घंटे की उड़ान भरने की महारत हासिल है। उन्हें आपरेशनल इलेक्ट्रानिक वार फेयर पाठ्यक्रम फ्रांस से एवं सुरक्षा अध्ययन का अधिशाषी पाठ्यक्रम यूएसए से प्राप्त है। इससे पहले वे उप वायुसेनाध्यक्ष थे। उनकी असाधारण कार्यक्षमता के लिए दो राष्ट्रपति पदक, अति विशिष्ट सेवा मेडल तथा वायु सेना मेडल से अलंकृत किया जा चुका है। जनसम्पर्क अधिकारी ने बताया कि एसबीपी सिन्हा की पत्नी अल्पना सिन्हा हैं। उनका बेटा साफ्टवेयर इंजीनियर है।

Posted By: Inextlive