दिल्ली से आया था प्रेमी जोड़ा, अंदर जाकर बैठकर कर रहा था बातें

आगरा। प्रेम की नगरी आगरा में आकर घूमना एक प्रेमी जोड़े को भारी पड़ गया। स्मारक में घूमते समय कर्मचारियों ने इस जोड़े को ब्लैकमेल किया। पुलिस के सुपुर्द करने की कह कर धमकाया। मोबाइल छीन लिए। रोते हुए प्रेमी जोड़े गिड़गिड़ाए। तब भी कर्मचारियों का कलेजा नहीं पसीजा। लड़के की जेब से पर्स निकलावकर पैसे ले लिए, तब कहीं जाकर उन्हें स्मारक से बाहर जाने दिया।

अकबर टॉम्ब का है मामला

मामला सिकंदरा अकबर टॉम्ब का है। यहां रविवार को एक प्रेमी जोड़ा घूमने आया था। पकंज और उसकी प्रेमिका रानी (दोनों बदले हुए नाम) दिल्ली निवासी हैं। दोनों एक ही कॉलेज में पढ़ रहे हैं। टिकट लेकर दोपहर के समय में दोनों स्मारक में दाखिल हो गए। कुछ देर दोनों चैन से बैठे। दोनों सिकंदरा के पीछे वाले हिस्से में बैठकर अपने दिल की बातें कर रहे थे।

जा धमके कर्मचारी

सूत्रों के अनुसार पंकज और रानी की दिल की बातें करना स्मारक के कर्मचारियों को नागवार गुजरीं। किसी कर्मचारी ने उन्हें बैठे देख लिया। गार्ड भी वहां जा धमका। प्रेमी जोड़े को हड़काना शुरू कर दिया। कहा आप लोग एकांत में बैठकर कुछ गलत काम कर रहे हो। प्रेमी जोड़े का कहना था कि वे सिर्फ बैठकर बातें ही कर रहे हैं, लेकिन, उसकी एक नहीं सुनी।

छीन लिए मोबाइल

बात सिर्फ यहीं पर खत्म नहीं हुई। दोनों से मोबाइल छीन लिए गए। पुलिस को बुलाकर उसके सुपुर्द करने की धमकी दी गई। ये सुनकर लड़की रोने लगी। प्रेमिका को रोता देख लड़का भी आंखों में आंसू भर लाया, लेकिन उनकी एक नहीं सुनी गई। कर्मचारियों ने लड़के का पर्स जेब से बाहर निकलवा लिया। लड़के से रुपए ले लिए गए। तब जाकर कहीं दोनों को सिकंदरा से बाहर जाने दिया गया।

Posted By: Inextlive