अखिलेश्वर महादेव मंदिर में प्रतिबंधित सामान मिलने से गरमाया माहौल

स्कूल के सामने होने से बच्चों के साथ परिजन सन्नाटे में

पुजारी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज, जांच शुरू

ALLAHABAD: माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों ने पूरा स्क्रिप्ट तैयार कर दिया था। लेकिन, शहर के अमन पसंद लोगों ने इस साजिश को नाकाम कर दिया। अलग बात है कि ठीक सामने स्कूल होने से बच्चों के साथ उनके पैरेंट्स दहशत में आ गए। पुलिस सन्नाटे में आ गई। कई थानों की फोर्स स्पॉट पर बुला ली गई। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। एहतियातन स्पॉट पर फोर्स तैनात कर दी गई है।

सीढ़ी पर रखा आपत्तिजनक सामान

तेलियरगंज में महर्षि विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के के सामने प्राचीन अखिलेश्वर महादेव मंदिर स्थित है। मंदिर के पुजारी अखिलेश्वर मिश्रा हैं। अखिलेश्वर के मुताबिक शुक्रवार रात वह मंदिर करके घर गए तो सब कुछ ठीक था। शनिवार की सुबह वह मंदिर की सफाई करने जा रहे थे तो सीढ़ी पर प्रतिबंधित मवेशी के मांस का टुकड़ा देखा। पुजारी ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। जब-तक पुलिस पहुंचती कानो-कान इसकी खबर पूरे इलाके में फैल गई और सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंच गए। इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। पब्लिक आक्रोश में थी और इसे साजिश बता रही थी। पब्लिक की मांग की थी कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। इसकी जानकारी होने पर एसएसपी शलभ माथुर ने खुद मोर्चा संभाल लिया और पब्लिक को समझाने में लग गए। उन्होंने शांति बनाए रखने की अपील करते हुए अश्वासन दिया कि जल्द से जल्द वह शख्स गिरफ्तार होगा जिसने यह कोशिश की है।

बाक्स

डरे बच्चे, पहले भेज दिए गए घर

लगातार गरम होते माहौल और पुलिस की सक्रियता को देखते हुए महर्षि पतंजलि मैनेजमेंट ने प्रशासन के निर्देश पर स्कूल को पहले ही बंद करने का फैसला लिया। पुलिस की देखरेख में ही बच्चों को समय से पहले उनके घर भेज दिया गया। खुद बच्चों को स्कूल तक छोड़ने आने वाले लोगों ने एहतियातन या तो बच्चों को स्कूल में छोड़ा ही नहीं या फिर सूचना मिलते हुए बच्चों को लेने स्कूल पहुंच गए। बच्चों के चेहरे पर दहशत की झलक साफ देखी जा सकती थी।

अराजकतत्वों द्वारा किए गए इस कृत्य की जितनी भी निंदा की जाय कम है। शहर के माहौल को बिगाड़ने वाले शख्स को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाना चाहिए।

अमित प्रताप सिंह

जिलाध्यक्ष, हिंदू युवा वाहिनी

यह माहौल खराब करने की कोशिश थी। इस तरह की ताकतों के मंसूबों को ध्वस्त किया जाना जरूरी है। हमें भरोसा है कि पुलिस और प्रशासन ऐसा करने वाले के खिलाफ उचित कार्रवाई जरूर करेगी।

विजय द्विवेदी

श्री मां गंगा निर्मल संरक्षण समिति

माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले शख्स को चिन्हित करके उस पर रासुका लगाई जानी चाहिए। सभी धर्मिक स्थलों के आस-पास सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने चाहिए।

अफसर महमूद

अध्यक्ष, आल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिम

स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। कोशिश है कि माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाय।

शलभ माथुर, एसएसपी

Posted By: Inextlive