बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान का फेनी का असर देश के कई इलाकों में हैं। आज तूफान के ओडिशा में पुरी के पास तट से टकराने की संभावना है। आइए जानें देश में आज कहां कैसा रहेगा माैसम...


कानपुर। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान फेनी का असर देश के कई इलाकों में हैं लेकिन इसका सबसे ज्यादा प्रभाव आंध्र प्रदेश और ओडिशा में है। भारतीय माैसम विभाग के वैज्ञानिकों के पूर्वानुमान के मुताबिक आज यह तूफान ओडिशा में पुरी तट से टकरा सकता है। इस दाैरान तूफानी हवाओं की अधिकतम गति 170 से 180 किलोमीटर प्रति घंटा से 200 किमी प्रति घंटा तक रहने की संभावना है। ओडिशा के ये इलाके होंगे काफी प्रभावित तूफान टकराने के बाद ओडिशा, पश्चिम बंगाल व आंधप्रदेश के तटीय इलाके भारी बारिश से सराबोर रहेंगे। माैसम वैज्ञानिकों की मानें तो फेनी का प्रभाव ओडिशा के गंजम, गजपति, खुर्दा, पुरी, जगतसिंहपुर, केंद्रपाड़ा, भद्रक, जाजपुर, बालासोर, पश्चिम बंगाल के पूर्व, पश्चिम मेदिनीपुर, दक्षिण और उत्तर 24 परगना, हावड़ा, हुगली, कोलकाता और आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम्, विजयनगरम् व विशाखापत्तनम में रहेगा। उत्तर भारत में भी दिखेगा तूफान फेनी का असर
माैसम वैज्ञानिकों के मुताबिक फेनी तूफान का असर उत्तर भारत में भी रहेगा। उत्तराखंड में आज मैदानी क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ आ सकता है। प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर ओले गिरने के भी आसार हैं। इसके अलावा बिहार, झारखंड व उत्तर प्रदेश में भी धूल भरी आंधी चलेगी। इतना ही नहीं गरज-चमक संग बाैछारें भी पड़ सकती हैं।

Posted By: Shweta Mishra