टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली मंगलवार को राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार से नवाजे गए। राष्ट्रपति भवन में आयोजित इस अवॉर्ड फंक्शन में कोहली पत्नी अनुष्का संग पूरे परिवार के साथ यहां पहुंचे थे।


कानपुर। टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज और कप्तान विराट कोहली को साल 2018 का राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार दिया गया। मंगलवार को नई दिल्ली में राष्ट्रपति भवन में आयोजित इस अवार्ड समारोह में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने उन्हें मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कोहली के साथ वेटलिफ्टर मीराबाई चानू को भी खेल रत्न से नवाजा गया।विराट कोहली अपने परिवार के साथ इस अवार्ड फंक्शन में आए थे। कोहली के साथ उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा, भाई और मां भी थे। विराट को खेल रत्न मिलते ही सब काफी खुश हुए।


विराट कोहली को यह पुरस्कार उनके पिछले चार साल के बेहतरीन प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए दिया गया। वह लगातार अच्छा परफॉर्म करते आ रहे थे। हालांकि इस सम्मान के लिए विराट को जब नॉमिनेटेड किया था तो काफी विवाद हुआ था।


खेल मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक, राजीव गांधी खेल रत्न अवार्ड भारत का सर्वोच्च खेल पुरस्कार होता है। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के नाम पर इस पुरस्कार का नाम रखा गया है। हर साल भारत के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को यह दिया जाता है, हालांकि अवार्ड पाने वाले खिलाड़ी का चयन कई मापदंडो के आधार पर होता है। यह पुरस्कार जीतने वाला खिलाड़ी किसी भी फील्ड का हो सकता है।2018 में राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार पाते ही विराट कोहली यह अवार्ड पाने वाले तीसरे क्रिकेटर बन गए। कोहली से पहले यह पुरस्कार 2007 में महेंद्र सिंह धोनी और 1997 में सचिन तेंदुलकर को मिला था।राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार की शुरुआत 1991 में हुई थी और सबसे पहला अवार्ड भारतीय चेस मास्टर विश्वनाथ आनंद को मिला था। 1991 से लेकर 2018 तक कुल 36 खिलाड़ियों को यह पुरस्कार मिल चुका है। इसमें एक साल में कुछ संयुक्त खिलाड़ी भी रहे हैं।राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार प्राप्त करने वाले को पदक और प्रशस्ति पत्र के अतिरिक्त 7.5 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाता है।राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार वैसे तो हर साल दिया जाता है मगर 2008 और 2014 ऐसे दो साल रहे जब किसी भी भारतीय खिलाड़ी को देश का सर्वोच्च खेल पुरस्कार नहीं मिला।
कोहली का नाम आने पर रार, किसे और क्यों मिलता है राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार?कोहली ने बताया, वह अनुष्का के साथ घर पर रहते हैं कुछ इस तरह

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari