dharmnath.prasad@inext.co.in

PATNA : एक तरफ सरकार देशभर में गरीबों के मुफ्त इलाज के लिए आयुष्मान भारत योजना लागू की है। इसके प्रचार प्रसार के लिए जोर शोर से अभियान चलाया गया। वहीं, दूसरी तरफ पटना के बिहटा में करोड़ों रुपए की लागत बना ईएसआईसी का सुपर स्पेशलिटी अस्पताल व्यवस्था की मार से दब गया है। डॉक्टरों की कमी की वजह से आने वाले सभी मरीजों का इलाज नहीं हो पा रहा है। इस अस्पताल के उद्घाटन हुए तीन महीने से ज्यादा हो गए फिर न तो स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की नियुक्ति की गई और न ही पैथोलॉजी की व्यवस्था की गई है।

पूर्ण ओपीडी भी नहीं

इस अस्पताल में मेडिसिन, सर्जरी, पीडिऐट्रिक्स (बालचिकित्सा), ऑर्थो और गाइनी की ओपीडी सेवा ही शुरू हो पाई है। डॉक्टरों के अभाव में डेंटल, आई, ईएनटी, आयुर्वेद और होम्योपैथ की ओपीडी शुरू नहीं हो पाई है। अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि डॉक्टरों की नियुक्ति के लिए मुख्यालय को पत्र भेजा गया है। जैसे ही यहां स्पेशलिस्ट डॉक्टर नियुक्त हो जाएंगे पूर्ण रूप ओपीडी शुरू हो जाएगी। सूत्रों ने बताया कि ओपीडी के लिए सभी आवश्यक संसाधन मौजूद हैं।

रूकी है इक्विपमेंट की खरीदारी

डॉक्टरों के नहीं रहने से इस अस्पताल के लिए कई महत्वपूर्ण इक्विपमेंट की खरीदारी रुकी हुई है। सूत्रों ने बताया कि डॉक्टर अपनी आवश्यकता के अनुसार मेडिकल इक्विपमेंट की डिमांड करेंगे फिर खरीदारी होगी। उन्होंने बताया कि अधिकांश इक्विपमेंट की खरीदारी हो गई है।

ओपीडी को मरीजों का इंतजार

करोड़ों रुपए खर्च करने के बावजूद अस्पताल की ओपीडी को मरीजों का इंतजार रहता है। सुबह नौ से शाम चार बजे तक चलने वाली ओपीडी में हर महज 70 से 75 मरीज ही आते हैं। समुचित व्यवस्था नहीं होने की वजह से गंभीर रोग के मरीज आज भी फुलवारी शरीफ जाते हैं। जो यहां आते हैं उन्हें भी वहीं रेफर किया जाता है।

सभी दवा भी उपलब्ध नहीं

ईएसआईसी से बीमित व्यक्ति को अस्पताल में निशुल्क दवा दी जाती है। लेकिन यहां सभी दवाएं उपलब्ध नहीं है। इलाज के लिए आए मरीजों ने बताया कि डॉक्टर ने दवाएं लिख दी। जब दवा लेने काउंटर पर गया तो बताया गया कि कुछ दवाएं उपलब्ध नहीं हैं। मजबूरी में मुझे बाजार से खरीदनी पड़ेंगी।

हर महीने होता है हेल्थ टॉक

सीमित संसाधनों के बावजूद अस्पताल के डॉक्टर हर महीने हेल्थ टॉक का आयोजन करते हैं। इसमें मरीजों और उनके परिजनों को इसमें शामिल किया जाता है। हेल्थ टॉक में डॉक्टर लोगों को सीजनल बीमारियों से बचाव के टिप्स देते हैं। बीमारियों के लक्षण बताए जाते हैं ताकि समय पर इलाज हो सके।

Posted By: Inextlive