- दो दिनी दौरे पर आज उत्तराखंड पहंुंचेंगे सेना प्रमुख बिपिन रावत

- गंगोत्री धाम में दर्शन और हर्षिल भ्रमण का भी है कार्यक्रम

उत्तरकाशी : थलसेना प्रमुख बिपिन रावत इस बार उत्तरकाशी से सटे चाइना बॉर्डर पर सेना व आईटीबीपी के जवानों के साथ दिवाली मनाएंगे। वे गंगोत्री धाम और हर्षिल का भी दौरा करेंगे। थल सेना प्रमुख छह और सात नवंबर को दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड आ रहे हैं। सेना, आईटीबीपी व प्रशासन ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं। उत्तरकाशी जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में सेना प्रमुख बिपिन रावत का यह पहला दौरा होगा। डीएम डॉ। आशीष चौहान ने उनके दौरे की पुष्टि की।

उत्तराखंड में 345 किलोमीटर लंबी सीमा चीन से सटी है। इसमें करीब 122 किलोमीटर उत्तरकाशी जिले में पड़ती है। इसकी सुरक्षा का जिम्मा आईटीबीपी 12वीं वाहिनी मातली और 35वीं वाहिनी माहिडांडा के हिमवीरों के पास है। सीमा पर महार रेजीमेंट और गढ़वाल स्काउट के जवानों की भी तैनाती की गई है। उत्तरकाशी जिले की नेलांग घाटी में सेना और आईटीबीपी की नौ चौकियां हैं, जो करीब 12 हजार फीट से 17 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित हैं। इन दिनों यहां का अधिकतम तापमान भी शून्य के करीब है। सेना के सूत्रों के अनुसार जवानों की हौसला अफजाई के लिए सेना प्रमुख उनके बीच पहुंच रहे हैं।

Posted By: Inextlive