- दुकान की छत पर डिश एंटिना के सहारे में झूलता मिला शव

- थाने में किसी ने नहीं दी तहरीर, पुलिस मान रही है आत्महत्या

Meerut : देहली गेट थानाक्षेत्र में सुबह सोना-चांदी कारीगर का शव दुकान के तीसरी मंजिल की छत पर संदिग्ध परिस्थितियों में लटका मिला। कारीगर का शव छत पर लगे डिश एंटिना के सहारे रस्सी के फंदे पर झूलता मिला। साथी कारीगरों ने उसके शव को देखा फिर पुलिस को सूचित किया। कारीगर पश्चिम बंगाल का रहना वाला था। उसके परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम कर उसके साथियों को सौंप दिया। थाने में किसी की तरफ से कोई तहरीर नहीं आई है। पुलिस प्रथम दृष्टया आत्महत्या मानकर चल रही है, लेकिन कारीगर ने फांसी क्यों लगाई इसका कारण स्पष्ट नहीं हो पा रहा है।

कोलकाता का था कारीगर

देहली गेट बाजार में श्रीराम कॉम्प्लेक्स में ज्वैलरी की दुकान है, यहां पश्चिम बंगाल निवासी विश्वजीत पुत्र शिब्बू कारीगर था। पुलिस के अनुसार सुबह जब साथी कारीगरों को वह दिखाई नहीं दिया तो उन्होंने उसकी तलाश की। दुकान के छत पर लगे डिश एंटिना के एंगिल में रस्सी के सहारे विश्वजीत का शव लटका मिला। विश्वजीत खैर नगर में किराए के मकान में रहता था। जबकि उसका परिवार कोलकाता के हुगली में रहता है।

माली हालत सही नहीं

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पोस्टमाटर्म कराकर साथियों को शव सौंप दिया। पुलिस के अनुसार विश्वजीत ने आत्महत्या की है, लेकिन उसके आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। साथियों से की गई पूछताछ में उसके डिप्रेशन की बात भी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि उसकी माली हालत सही नहीं थी। इसको लेकर परिवार में भी कलह रहता था। वह डिप्रेशन में भी रहता था। यही नहीं वह नशे का भी आदी हो गया था।

कारीगर का शव दुकान की छत पर डिश एंटिना से लटका हुआ मिला। मामले को लेकर किसी ने भी थाने में तहरीर नहीं दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करा दिया है।

- वीरेंद्र सिंह यादव, एसओ, देहली गेट

Posted By: Inextlive