- लखनऊ बुक फेयर में पर्वतारोही अरुणिमा को शान-ए-लखनऊ सम्मान

LUCKNOW :

संगीत नाटक अकादमी में चल रहे दस दिवसीय लखनऊ बुक फेयर में मंगलवार को पर्वतारोही अरुणिमा सिन्हा को शान-ए-लखनऊ सम्मान से नवाजा गया। इस मौके पर अरुणिमा ने कहा कि हौसलों से ही इंसान की जीत होती है। मैंने अपना मिशन अपने दिल और दिमाग से पूरा किया पैरों से नहीं। किसी भी लक्ष्य को हासिल करने के लिए उसपर फोकस रहना बहुत जरूरी है।

अंटार्कटिका पर लहराना है तिरंगा

उन्होंने कहा कि अब मेरा लक्ष्य दिसंबर तक अंटार्कटिका की सबसे ऊंची चोटी पर तिरंगा लहराने का है। अपनी कमजोरी को मैंने अपनी ताकत बनाया। शान-ए-लखनऊ सम्मान से उन्हें दिल्ली साईं सेंटर के निदेशक राजीव सरीन, साई लखनऊ की अधिशासी निदेशक रचना गोविल, अंतरराष्ट्रीय रेफरी वाटर स्पो‌र्ट्स सुधीर शर्मा, प्रदेश ओलम्पिक संघ के उपाध्यक्ष टीपी हवेलिया और बुक फेयर के संयोजक मनोज सिंह चंदेल ने स्मृतिचिह्न अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।

कवि सम्मेलन का आयोजन

बुक फेयर में मंगलवार को कवि सम्मेलन का आयोजन सचिन साधारण के संयोजन व संगमलाल त्रिपाठी भंवर की अध्यक्षता में हुआ। जिसका संचालन जगदीप शुक्ल अंचल ने किया। मुख्य अतिथि के तौर पर मेयर संयुक्ता भाटिया मौजूद रहीं। इस मौके पर केडी शर्मा हाहाकारी स्मृति सम्मान से राजेंद्र पंडित व प्रमोद तिवारी स्मृति सम्मान से अशोक पांडेय अनहद को सम्मानित किया गया। कवि सम्मेलन में कवि प्रमोद द्विवेदी, धीरज मिश्र, शकुन मिश्र, आलोक मिश्र, दीपक अवस्थी आदि ने काव्यपाठ किया।

चित्रकला प्रतियोगिता

बुक फेयर में ज्योति किरन के संयोजन में पर्यावरण विषयों पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने भाग लिया। अंकुरम शिक्षा महोत्सव के तहत हुए आयोजन में कई सरकारी प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों ने गीत संगीत नुक्कड़ नाटिकाओं की सुंदर प्रस्तुति की। ओपन माइक सेशन में युवाओं ने भी अपना हुनर दिखाया। जबकि लेखक से संवाद कार्यक्रम में कथाकार शिवमूर्ति से लोग रूबरू हुए।

Posted By: Inextlive