RANCHI : देश भर में भले ही वामपंथी पार्टियां अपने अस्तित्व को बचाने के लिए जद्दोजहद कर रही हैं। चुनावी राजनीति में वो चुनाव दर चुनाव हाशिए पर भी जा रही हैं। लेकिन बात अगर झारखंड विधानसभा चुनाव की हो, तो यहां परिस्थितियां कुछ अलग हैं। यहां कई ऐसी सीटें हैं जहां ये पार्टियां मजबूती के साथ डटी हुई हैं और मुख्य मुकाबले में भी हैं। झारखंड के गिरिडीह और धनबाद जिले की चार सीटों पर अब भी लालझंडा मजबूती के साथ डटा हुआ है। आई नेक्स्ट की रिपोर्ट।

बगोदर में विनोद सिंह हैं मजूबत दावेदार

कामरेड महेन्द्र सिंह की कर्मभूमि बगोदर में झारखंड बनने से पहले ही वामपंथ की जड़ें मजबूत रही हैं। उन्होंने बिहार विधानसभा से लेकर झारखंड विधानसभा तक इस सीट का प्रतिनिधित्व किया। उनकी हत्या के बाद इस सीट पर उनके बेटे विनोद सिंह अपनी मेहनत की बदौलत इस सीट पर लालझंडे को मजबूती से थामे हुए हैं। बगोदर सीट से वह विधायक भी हैं। इस बार के चुनाव में भी वह सीपीआईएमएल के उम्मीदवार हैं। जहां इनका मुकाबल पुराने प्रतिद्वंद्वी नागेन्द्र महतो से है। पिछली बार जेवीएम के टिकट पर चुनाव लड़े नागेन्द्र महतो इस बार बीजेपी से चुनाव लड़ रहे हैं। विनोद कुमार सिंह ने नागेन्द्र महतो को 6,718 वोटों से हराया था। विनोद सिंह को 54,436 वोट मिले थे और नागेन्द्र महतो को 47718. इस बार मोदी लहर पर सवार नागेन्द्र महतो वामपंथ के इस मजबूत किले को भेदने की तैयारी में हैं, लेकिन अपने काम की बदौलत जनता में लोकप्रिय विनोद सिंह भी मजबूती के साथ चुनावी मैदान में डटे हुए हैं।

धनवार में बाबूलाल को चुनौती दे रहे राजकुमार

गिरीडीह जिले की धनवार सीट भी वामपंथी जनाधार वाली है। इस सीट पर हर बार की तरह इस बार भी सीपीआईएमएल के राजकुमार यादव चुनाव लड़ रहे हैं, जहां उनका मुकाबला जेवीएम सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी और बीजेपी के लक्ष्मण सिंह से है। राजकुमार यादव इस क्षेत्र के चर्चित वामपंथी नेता हैं। लोकसभा चुनाव में भी उन्होंने कोडरमा सीट पर मजबूती से चुनाव लड़कर कड़ी टक्कर दी थी। पिछले विधानसभा चुनाव में वह इस सीट से माले प्रत्याशी थे। जहां पर जेवीएम उम्मीदवार निजामुद्दीन अंसारी से उनका मुकाबला हुआ था। उस चुनाव में वह मात्र 4973 वोटों से चुनाव हार गए थे। इस चुनाव में निजामुद्दीन अंसारी का पर्चा खारिज हो चुका है, जबकि बाबूलाल मरांडी खुद चुनाव मैदान में है। ऐसे में यहां रोमांचक मुकाबला होने वाला है।

Posted By: Inextlive