JAMSHEDPUR: गोलमुरी थाना अंतर्गत गोलमुरी स्थित एक धार्मिक स्थल के पास भड़काऊ गाना बजाने पर दो समुदाय के लोग आपस में भिड़ गए। झगड़े में दोनों ओर से पत्थर और लाठी डंडे चले जिससे कई युवक घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाठी चार्ज कर अराजकता फैला रहे लोगों खदेड़ा और घायलों को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया। घटनास्थल पर पहुंचे एसएसपी अनूप बिरथरे, सिटी एसपी प्रभात कुमार, सिटी डीएसपी अनुदीप सिंह ने मामले को संभाला। दंगा को देखते हुए पुलिस ने क्षेत्र में भारी पुलिस बल के साथ ही रैफ 106 ए की एक बटालियन डिप्टी कमांडेंट अनामी शरण, सहायक कमांडेंट राजेंद्र कुमार तथा बीरेंद्र कुमार के नेतृत्व में गोलमुरी में किसी भी स्थिति से निबटने के लिए मोर्चा संभाला।

धार्मिक स्थलों की सुरक्षा कड़ी

दो गुटों में भिड़ने की खबर जंगल में आग की तरह फैल गयी। देखते ही देखते गोलमुरी की दुकानों के शटर गिरने लगे। अनहोनी की आशंका को देखते हुए दुकानदारों ने दुकानें बंद कर दी। उधर, गोलमुरी के धार्मिक स्थल के अलावा पूरे शहर की सुरक्षा कड़ी कर दी गई। यहां भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। धार्मिक स्थलों के पास खुद एसएसपी अनूप बिरथरे, सिटी एसपी प्रभात कुमार और डीएसपी स्तर के कई अधिकारी भी मौजूद हैं। इलाके में पुलिस पैदल मार्च कर रही है।

चार लोग लिए गए हिरासत में

पुलिस ने झड़प मामले में चार लोगों को हिरासत में लिया है। बताया गया है कि एक धार्मिक स्थल के समीप मोटरसाइकिल खड़ी कर नारेबाजी कर रहे युवकों की खदेड़कर पिटाई की गई। शीतलपेय के बोतल और पत्थर बरसाए गए। तीन युवक गिरते-पड़ते भागे। भीड़ उन्हें खदेड़ती रही। इसके बाद दूसरे समुदाय के लोग भी सामने आ गए। दोनों पक्षों के आमने- सामने होने से माहौल बिगड़ गया। बाद में एक अन्य युवक को पत्थर चलाने के आरोप में हिरासत में लिया गया। हालांकि एसएसपी अनूप बिरथरे ने बताया कि बाइक के साथ ही युवकों को छोड़ दिया गया है।

तनाव के बीच दिखी भाईचारगी

तनाव के बीच भाईचारगी भी दिखी। कुछ लोगों का समूह सदभाव के नारे लगाते हुए दुकानदारों से दुकानें खोलने का आग्रह करने सामने आया। इसमें गोलमुरी मस्जिद कमेटी के सेक्रेटरी मो हनीफ उर्फ कल्लू, भाजपा नेता मो। फैय्याज, समाजसेवी शिवशंकर सिंह, संजय सिंह, गब्बर आदि का सराहनीय योगदान रहा। इन लोगों की पहल का सकारात्मक असर भी दिखा। धीरे-धीरे दुकानें खुलने लगी। आवागमन भी सामान्य हो गया।

गोलमुरी के सभी इंट्री प्वाइंट पर लगा बैरियर

गोलमुरी के अंदर प्रवेश करने वाले सभी इंट्री प्वाइंट पर बैरियर लगा दिया गया है। यहां आने-जाने वाले लोगों की तलाशी ली जा रही है। सुरक्षा बंदोवस्त के तहत रैफ, रैप, जिला पुलिस बल के साथ ही सरायकेला जिले से भी पुलिस के जवान मंगाए गए हैं।

प्रशासन ने बैरियर लगा कर रोड को बंद किया

घटना स्थल पर वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए प्रशासन ने बैरियर लाकर सड़क को बंद करवा दिया था। हालांकि छोटे वाहन बैरियर लगे होने के बावजूद परिचालन करते दिखे। इसके साथ क्षेत्र को तनाव रहित बनाने के लिए रैफ से क्षेत्र में मार्च कर लोगों को सुरक्षा का एहसास दिलाया।

गोलमुरी बाजार में पसरा रहा सन्नाटा

गोलमुरी में दो समुदाय के बीच झड़प की सूचना आग की तरह फैली। पांच मिनट के अंदर बाजार की सभी दुकानों के शटर गिर गए और पूरे बाजार में सन्नाटा छा गया। कुछ देर बाद दोपहर करीब डेढ़ बजे पुलिस-प्रशासन ने दोनों पक्षों के लोगों को साथ में लेकर बाजार का भ्रमण भी किया और आपसी भाईचारा का संदेश देने की कोशिश की गई। इसका असर मानगो के इलाके में भी देखने को मिला। मानगो स्थित धार्मिक स्थलों पर पुलिस और रैफ के जवान नजर आये। मानगो बड़ा हनुमान मंदिर, जामा मस्जिद, मुंशी मोहल्ला मस्जिद जैसे जगहों पर पुलिस गश्त करती नजर आई। शाम होते ही पुलिस को इन स्थलों से हटा लिया गया।

मामूली सी बात को लेकर दो समुदाय के लोग एक-दूसरे से भिड़ गए थे। जिसे नियंत्रण के लिए पुलिस को हल्का बल का प्रयोग किया गया। इसके साथ ही दोनों समुदाय के प्रबुद्ध लोगों को समझा दिया गया है। पर्याप्त मात्रा में पुलिस की तैनाती गोलमुरी के साथ ही शहर के अन्य स्थानों पर कर दी गयी है। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

अनूप बिरथरे, एसएसपी, जमशेदपुर

Posted By: Inextlive