- गंभीर हालत में व्यापारी को किया मेरठ रेफर

Meerut: दुल्हेड़ा मार्ग पर नागेश्वर मंदिर के पास डिस्कवर बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने बाइक से घर लौट रहे दो व्यापारियों से हथियारों के बल पर लूट का प्रयास किया। विफल होने पर बदमाशों ने बाइक चला रहे एक व्यापारी को गोली मार दी। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायल को पास स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर हालत के चलते डॉक्टरों ने उसे मेरठ के लिए रैफर कर दिया।

क्या है मामला

दुल्हेड़ा निवासी जितेंद्र पुत्र सलेकचंद ने बताया कि वह पल्लवपुरम फेस एक में बिजली की दुकान करता है। उसके पास ही गांव निवासी सैंदर पुत्र मुन्ना की मोबाइल की दुकान है। सोमवार रात्रि नौ बजे दोनों दुकान बंदकर अपनी बाइक पर सवार होकर गांव जा रहे थे। सैंदर बाइक चला रहा था। सैंदर ने बताया कि चौहान मार्किट से डिस्कवर बाइक यूपी क्भ् एए 7क्9म् पर सवार तीन बदमाश उनके पीछे लगे थे। तीनों ने हेलमेट पहना था। आगे बताया कि दुल्हेड़ा मार्ग पर स्थित नागेश्वर मंदिर के पास बाइक सवार बदमाशों ने हथियार दिखाते हुए उन्हें रोकने का प्रयास किया। बाइक न रोकने व विरोध करने पर पीछे बैठे बदमाश ने सैंदर पर पिस्टल से कई फायर किए। एक गोली सैंदर के कंधे में जा लगी। उनकी बाइक वही गिर गई। गोली की आवाज सुनकर कार से गांव लौट रहे ग्रामीणों ने शोर मचा दिया। ग्रामीणों को आता देख बदमाश अपनी बाइक छोड़कर फायर करते हुए खेतों में घुस गए। जितेंद्र ने फोन कर ग्रामीणों को गोली मारने की सूचना दी। ग्रामीणों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी।

उपचार के लिए भर्ती कराया

ग्रामीणों ने घायल व्यापारी को मोदीपुरम हाइवे स्थित सर्वहित अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर हालत के चलते डॉक्टरों ने घायल को मेरठ स्थित आंनद अस्पताल के लिए रैफर कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस सूचना के आधा घंटे बाद मौके पर पहुंची। घायल व्यापारी की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

सीओ ब्रिजेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। बाइक के नंबरों के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है। जल्द ही बदमाश सलाखों के पीछे होंगे।

Posted By: Inextlive