- दो हुक्का बार पर छापा मार कर तंबाकू पी रहे 9 लोगों को पकड़ा

- बिगड़ैल नवयुवकों के अड्डे बन गए हैं हुक्का बार, अब होगी छापेमारी

KANPUR : प्रशासन ने शहर में अवैध रूप से चल रहे हुक्का बार पर कार्रवाई शुरू कर दी है। इस क्रम में सोमवार को दो हुक्का बार में छापेमारी कर 9 लोगों को हुक्का में तंबाकू भर कर पीते हुए पकड़ा और 2 हजार रुपए जुर्माना वसूला। हुक्का बार पर छापेमारी आगे भी चलती रहेगी। पहली बार प्रशासन ने हुक्का बार पर नकेल कसी है। हुक्का बार का कोई लाइसेंस न होने से शहर में कई जगह ऐसे हुक्का बार खुल गए हैं। इन हुक्का बार में बिगड़ैल लड़कों के अलावा लड़कियों का भी आना-जाना लगा रहता है। कई हुक्का बार में हुक्के के पानी की जगह शराब मिला दी जाती है। जिससे नशे के तौर पर हुक्का युवा पीने लगे हैं।

सोमवार को एडीएम सिटी अविनाश सिंह के निर्देश पर एफएसडीए की टीम हुक्का बार की चेकिंग के लिए निकली। टीम सबसे पहले स्काई लांज स्वरूप नगर में पहुंची। टीम को यहां चार लोग हुक्का में तंबाकू पीते मिले। तंबाकू देने वाले बार के मैनेजर आनंद मिश्रा समेत चारों के खिलाफ कोटपा अधिनियम के तहत चालान काट कर 200-200 रुपए जुर्माना ठोका गया।

इसी क्रम में टीम ने दूसरी छापेमारी तिलक नगर स्थित वारान्डा लांज में की गई। यहां भी टीम को तीन लोग तंबाकू पीते मिले। बार के मैनेजर हेमन्त पोद्दार समेत तीनो का कोटपा अधिनियम के तहत चालान काट कर जुर्माना वसूला गया। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसएसएच आबिदी ने बताया कि शहर के सभी हुक्का बार की लिस्ट बनाई जा रही है। हर बार पर छापेमारी की जाएगी।

Posted By: Inextlive