- बड़बोलेपन में बिहार के सांसद-मंत्री आगे

- सबसे ज्यादा ट्वीट पर बवाल

PATNA: हाल ही में दरभंगा से भाजपा के सांसद कीर्ति आजाद और केन्द्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली के बीच डीडीसीए को लेकर चल रही तानातानी के कारण केन्द्र सरकारी की मुश्किलें कम नहीं हुई है, कि इस मामले में भाजपा के ही सांसद शत्रुघन सिन्हा ने टवीट कर फिर बवाल खड़ा कर दिया। उन्होंने आजाद का समर्थन करते हुए इशारों में जेटली से इस्तीफा की मांग कर दी। इससे पहले भी बिहार चुनाव के समय शत्रुघ्न सिन्हा के टवीटों के कारण पार्टी को काफी फजीहत झेलनी पड़ी थी। देखा जाए तो भाजपा में ऐसे विभीषण सांसदों व मंत्रियों की कमी नहीं है, जिनके कारण देश भर में मोदी सरकार सहित पार्टी की फजीहत हो रही है। इन सांसदों में बिहार के सांसदों की संख्या ज्यादा है। इनमें कुछ अपने निजी झगड़ों के कारण पार्टी के बड़े नेताओं को निशाना बनाने में तुले हैं, जिसके कारण केन्द्र सरकार आए दिन बैकफुट पर नजर आती है।

इनके बोल में फंसी सरकार

ये ऐसे कुछ सांसद हैं, जिनकी करतूतों ने मोदी सरकार को सकते में लाकर खड़ा कर दिया है। इनमें दरभंगा से सांसद कीर्ति आजाद, पाटना साहिब से शत्रुघन सिन्हा, कन्नौज से साक्षी महाराज, आरा से आरके सिंह, सांसद योगी आदित्यनाथ, बेगूसराय से भोला सिंह और भाजपा के पूर्व मंत्री मोनाजिर हसन शामिल हैं।

सबसे ज्यादा बिहार के सांसद-मंत्री

पिछले कुछ दिनों से पार्टी के आधा दर्जन से ज्यादा सांसद व मंत्री सरकार के लिए मुश्किलें खड़ी कर रहा है। जिनके बड़बोलेपन व टवीट के कारण केन्द्र सरकार व पार्टी को काफी परेशानी हो रही है, उनमें बिहार के सांसदों की संख्या ज्यादा है। इन सात नेताओं में पांच कीर्ति आजाद, शत्रुघ्न सिन्हा, आरके सिंह, भोला सिंह व मोनाजिर हसन बिहार के हैं।

इन बोलों ने मचाया घमासान

- दरभंगा से सांसद कीर्ति आजाद ने डीडीसीए के कथित घोटाले में वित्त मंत्री अरुण जेटली की भूमिका साबित करने को लेकर बयान व टवीट किया।

- पटना साहिब से सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने भी डीडीसीए मामले में टवीट कर कीर्ति आजाद का समर्थन किया। वहीं सिन्हा इससे पहले बिहार चुनाव के समय अपनी पार्टी से अलग रूख रखते हुए नीतीश कुमार को सुशासन बाबू कहते दिखे।

- गृह सचिव का पद छोड़कर भाजपा के टिकट पर आरा से सांसद बने आरके सिंह ने बिहार चुनाव के दौरान भाजपा में पैसे देकर टिकट बांटने का आरोप लगाया था।

- बेगूसराय से सांसद भोला सिंह ने बिहार चुनाव में पार्टी की हार के लिए भाजपा के नेताओं को ही जिम्मेदार ठहराया।

- पूर्व मंत्री मोनाजिर हसन ने अपनी ही पार्टी पर असहिष्णुता का आरोप लगाते हुए कहा था कि यह बिहार विधानसभा में हार का कारण बना।

Posted By: Inextlive