- एक ही रात बारा व मांडा थाना क्षेत्र में हुई जघन्य घटनाएं

- चुनावी रंजिश और आशनाई में कत्ल की सामने आ रही बात

BARA/MANDA(29 Jan,JNN): यमुनापार के मांडा व बारा थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात दो लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। जघन्य घटनाओं की जानकारी होते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। लोकल पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे आला अधिकारियों ने डॉग स्क्वाड के साथ छानबीन की।

रात में पहुंचे बदमाश

डेंगुरपुर महेवा खुर्द गांव के रहने वाले माताम्बर तिवारी (55) पेशे से किसान थे। गुरुवार की रात वह अपने निर्माणाधीन मकान में सोने के लिए गए थे। रात में बदमाशों ने धारदार हथियार से गर्दन और पेट में कई वार करके उनकी निर्मम हत्या कर दी। सुबह जब वह घर नहीं पहुंचे तो उनका बेटा सुभाष निर्माणाधीन मकान पर आया। चारपाई पर पिता की खून से लथपथ लाश देखकर उसके होश उड़ गए। सूचना पर सीओ मेजा डॉग स्क्वाड व कई थानों के फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। खोजी कुत्ता शव के पास से खेतों की ओर गया और नटान बस्ती के पास जाकर वापस लौट आया। मृतक के लड़के ने चुनावी और जमीन की रंजिश में हत्या का आरोप लगाते हुए गांव के ही शेषमणि तिवारी व हृदयेश गिरि के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

गला दबाकर मार डाला

उधर बारा थाना क्षेत्र के चामू गांव स्थित पुलिया के समीप शुक्रवार की सुबह 30 वर्षीय अज्ञात युवक का शव पाया गया। सुबह दैनिक क्रिया के लिए बिन्द नगर स्थित पुलिया की तरफ जा रहे ग्रामीणों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस की छानबीन में पता चला कि युवक के हाथ में संजय पाल गोदा हुआ है। उसके गले पर गहरे निशान थे। उसकी एक आंख भी फोड़ दी गई थी। इससे उसकी हत्या किए जाने की बात स्पष्ट हो रही है। शिनाख्त न होने के पर पुलिस शव का पंचनाम कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आशंका व्यक्त की जा रही है कि आशनाई के चलते उसकी हत्या की गई है। पुलिस का कहना है कि कहीं दूसरी जगह हत्या कर शव को यहां लाकर फेंका गया है।

Posted By: Inextlive