बम्हरौली से संगम तक लग रहे पांच हजार एलईडी लाईट

बदल गया पुरा लुक, चमक रहा है केसरिया रंग

अब यहां वहां नहीं, केवल बस स्टॉप पर ही रूकेगी सिटी बस

ALLAHABAD: पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सिविल लाइंस के महात्मा गांधी मार्ग के ब्यूटीफिकेशन का सपना देखा था। इसके लिए उन्होंने करीब 25 करोड़ रुपये भी एडीए को दिया था। इसके बाद भी सपा सरकार में काम पूरा नहीं हो सका। सरकार बदलते ही दो अप्रैल को इलाहाबाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी के साथ ही तमाम वीआईपी के आगमन और स्वागत को लेकर ब्यूटीफिकेशन वर्क ने कुछ इस प्रकार रफ्तार पकड़ी कि सिविल लाइंस एरिया अलग ही लुक में नजर आ रहा है। 31 मार्च तक इसे और बेहतर करने का काम हाई स्पीड में चल रहा है।

अब कहें हार्ट ऑफ दी सिटी

सिविल लाइंस एरिया को एक जमाने से हार्ट ऑफ दी सिटी कहा जाता रहा है। पिछले कुछ वर्षो से सिविल लाइंस की जो हालत हो गई थी, वह किसी बीमारी से कम नहीं थी। इससे सिटी का हार्ट भी बीमार हो गया था। लेकिन अब बीमारी दूर होने के बाद पूरा सिविल लाइंस एरिया हेल्दी हो गया है। सपा सरकार में नहीं, तो भाजपा सरकार में ही सही, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का सपना पूरा हो गया है।

चौड़ी रोड, पार्किंग की समस्या खत्म

पत्थर गिरजाघर चौराहा से लेकर हनुमान मंदिर चौराहा तक सबसे बड़ी समस्या पार्किग की व्यवस्था न होने की थी, जो अब दूर हो चुकी है। रोड पर बड़े पैमाने पर पार्किंग स्पेस बनाया गया है। सिविल लाइंस की रोड भी चौड़ी हो गई है। बिजली के तारों व खंभों का जंजाल खत्म हो गया है। चमचमाते हुए डिवाइडर अलग ही लुक दे रहे हैं। वहीं एंटिक लुक स्टैंड पोस्ट के साथ लगे लाइट पहले से ही रोशनी बिखेर रहे हैं।

त्रिवेणी, गंगा और मंदाकिनी पर स्टापेज

पर डे एक दर्जन से अधिक सिटी बसें सिविल लाइंस से गुजरती हैं, जो जगह-जगह रुकती हैं। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा, सिटी बस यहां-वहां नहीं बल्कि केवल बस स्टैंड पर ही रुकेंगी। हाईटेक बस स्टैंड भी बन कर तैयार है। इस पर इलाहाबाद विकास प्राधिकरण का बोर्ड लग गया है, जिसे नदियों का नाम दिया गया है। दो अप्रैल के बाद सिटी बसें मंदाकिनी, गंगा, यमुना और त्रिवेणी बस स्टैंड पर रुकेंगी।

दूधिया रोशनी से नहाएगा वीआईपी रोड

दो अप्रैल को हाईकोर्ट के स्थापना दिवस समापन समारोह में प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, सीजेआई के साथ ही अन्य वीवीआईपी के आगमन को लेकर बम्हरौली से लेकर संगम तक की रोड को विशेष रूप से चमकाया जा रहा है। पूरी रोड दूधिया रोशनी से नहा सके, इसके लिए बम्हरौली से संगम तक पांच हजार एलईडी लाईट लगाए जा रहे हैं। नगर आयुक्त शेषमणि पांडेय ने बताया कि अब तक करीब 2000 लाईट लगाए जा चुके हैं। बची हुई लाईटों को भी युद्ध स्तर पर लगाए जाने का काम जारी है। इसे एक अप्रैल तक पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि टार्गेट पूरे शहर में एलईडी लाइट लगाने का है। इसके लिए शासन से 55 हजार एलईडी लाईट की मांग की गई है।

Posted By: Inextlive