नाटी इमली के मौनी बाबा भरत मिलाप में चारों भाइयों ने भक्तों को दिया दर्शन

VARANASI: एक बार फिर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम ने अपने भाइयों के साथ भक्तों को दर्शन देकर उन्हें निहाल कर दिया। अवसर था रविवार को नाटी इमली के प्रसिद्ध मौनी बाबा के भरत मिलाप का। लगातार दूसरे दिन भगवान को अपने बीच पाकर भक्तों का रोम रोम पुलकित हो उठा। चारों भाइयों के अलौकिक रूप के एक झलक पाने को हजारों की संख्या में श्रद्धालु नाटी इमली पहुंचे थे। श्रद्धा और आस्था का निर्वाह करते हुए भरत मिलाप की परंपरा निभायी गयी।

सजल हुए नयन

राम लक्ष्मण और भरत शत्रुघ्न के अनुपम मिलन के दृश्य ने भावुकता का माहौल पैदा किया और हर आंख नम हो गयी। ठीक शाम ब्.ब्0 बजे निर्धारित समय पर अपने भाई भरत और शत्रुघ्न से मिलने के लिए अधीर हो रहे भगवान राम दौड़े। उधर भइया भरत पहले से ही उनके इंतजार में पलक पावड़े बिछाये हुए थे। राम ने भरत को तो लक्ष्मण ने शत्रुघ्न को सीने से लगाया और हर हर महादेव के उद्घोष से धरती और आकाश गुंजायमान हो उठा। यादव बंधुओं ने भगवान के पुष्पक विमान को उठा कर परंपरा निभायी.

बॉक्स

बिगड़ते बिगड़ते बच गयी बात

भरत मिलाप में पुलिस के अडि़यल रवैये के चलते एक बार बात बिगड़ते बिगड़ते बच गयी। हुआ यूं कि नाटी इमली के मैदान में रविवार को भरत मिलाप के बाद यादव बंधु पुष्पक विमान को लेकर निकले। रथ के साथ कंधा बदलने के लिए अन्य यादव बंधु भी साथ थे। पुलिस उन्हें रथ के साथ चलने से रोकने लगी। इस बात से आक्रोशित यादव बंधुओं ने भगवान के रथ को सड़क पर ही रख दिया। इसके बाद तो एडमिनिस्ट्रेशन के हाथ पांव फूल गये। अधिकारियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर किसी तरह स्थिति को संभाला। समझाने बुझाने के बाद यादव बंधु माने और उन्होंने रथ को उठा कर गंतव्य तक पहुंचाया।

Posted By: Inextlive