कैबिनेट के फैसले

-पटना में गेल स्थापित करेगी सीएनजी सर्विस स्टेशन

-352वें प्रकाश पर्व के लिए 8.20 करोड़ रुपए स्वीकृत

-परिवहन विभाग करेगा 3 हजार सिपाहियों की भर्ती

PATNA: ओवर लोडिंग वाली गाडि़यां अब सड़क पर नहीं दौड़ पाएंगी। ऐसी गाडि़यों पर परिवहन विभाग के सिपाहियों की पैनी नजर होगी। यह निर्णय मंगलवार को कैबिनेट के

फैसले में आया है। प्रस्ताव पारित हुआ है कि परिवहन विभाग का अपना चलंत सिपाही दस्ता होगा जो अवैध गतिविधियों पर नकेल कसने के साथ ही ओवर लोडिंग पर लगाम लगाने और जनता से जुड़ी सेवाओं को चाक चौबंद करने के लिए काम करेगा। परिवहन विभाग के अफसरों की टैक्स वसूली में भी यह टीम मदद करेगी। राज्य मंत्रिमंडल ने बिहार चलंत दस्ता सिपाही संवर्ग (भर्ती एवं सेवा शर्त) नियमावली 2019 को मंजूरी दे दी गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में कुल 12 प्रस्ताव मंजूर किए गए।

यह भी प्रस्ताव हुए मंजूर

मंत्रिमंडल द्वारा नई नियमावली के स्वीकृत होने से तीन हजार सिपाहियों के नए पद सृजित किए जा सकेंगे। कैबिनेट के प्रधान सचिव ने बताया कि परिवहन विभाग की चलंत सिपाही भर्ती नियमावली को मंजूरी दी गई है। भर्ती के बाद 38 जिला कार्यालय और 6 चेक पोस्ट पर सुचारू तरीके से कार्य होंगे। प्रधान सचिव ने बताया कि मंत्रिमंडल ने गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया के प्रस्ताव के बाद राज्य पथ परिवहन निगम की फुलवारी शरीफ केंद्रीय कर्मशाला में सीएनजी स्टेशन की स्थापना के लिए गेल को डेढ़ एकड़ जमीन देने संबंधी प्रस्ताव को मंजूरी दी है। गेल को यह जमीन 46.49 करोड़ रुपए की लागत पर दी गई है। मंत्रिमंडल ने एक अन्य फैसले में गुरू गोविंद सिंह जी 352 वें प्रकाश पर्व के आयोजन के लिए टेंट सिटी निर्माण के लिए 8.1 करोड़ तथा जिस जमीन पर टेंट सिटी बनाई गई है उन जमीन के मालिकों की फसल क्षतिपूर्ति भुगतान के लिए 19 लाख रुपये कुल 8.20 करोड़ रुपये भी स्वीकृत कर दिए हैं।

Posted By: Inextlive