- मेयर के सामने भिडे़ सफाई कर्मचारी और और भाजपा पार्षद

-सफाई मजदूर संघ के अध्यक्ष ने भाजपा पार्षदों के खिलाफ दी तहरीर

BAREILLY

नगर निगम में सफाई कर्मचारियों के तबादलों के खेल के चलते मंडे को जमकर हंगामा हुआ। रुपए लेकर तबादले करने के आरोप से गुस्साए स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी ने सफाई मजदूर संघ के पदाधिकारियों के साथ नगर निगम में भाजपा पार्षद के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इस पर भाजपा पार्षद शिकायत लेकर मेयर के पास पहुंच गए, लेकिन सफाई मजदूर संघ के लोग वहां भी पहुंच गए और हंगामा करने लगे। मेयर के सामने ही संघ के अध्यक्ष और भाजपा पार्षद में हाथापाई की नौबत आ गई। किसी तरह अन्य लोगों ने बीच बचाव कराया। इसके बाद सफाई मजदूर संघ के अध्यक्ष ने पार्षद छंगामल मौर्य, अवनेश कुमार और रूपकिशोर पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए बारादरी थाने में तहरीर दी है।

कर्मचारी हटाने से शुरू हुआ विवाद

वार्ड से सफाई कर्मचारी हटाए जाने की शिकायत लेकर सैटरडे को भाजपा के कुछ पार्षद अपर नगर आयुक्त के पास पहुंचे। पार्षद रूपकिशोर ने तंज कसते हुए अपर नगर आयुक्त से कहा कि उनके वार्ड में दो सफाई कर्मचारियों को लगा रखा है। जबकि दो की जरूरत नहीं है। इसलिए एक सफाई कर्मचारी को हटा दिया जाए। इसी बीच नगर निगम कर्मचारी मन्नू भी वहां आ गया और पार्षदों से उलझने लगा, जिसके बाद पार्षद छंगामल ने कहा कि उनके वार्ड से दो कर्मचारियों को कम कर दिया है। इस पर मन्नू ने कहा कि कर्मचारियों को नगर आयुक्त ने हटाया है। जब छंगामल ने उससे कर्मचारियों को हटाने का लेटर मांगा तो मन्नू नहीं दिखा पाया। पार्षदों ने आरोप लगाया कि रुपए लेकर कर्मचारियों के ट्रांसफर किए जा रहे हैं। इसके बाद मंडे सुबह मन्नू के साथ उत्तर प्रदेश मजदूर संघ के पदाधिकारी पहुंचे और पार्षद रूपकिशोर के विरोध में नारेबाजी करने लगे। इसका पता लगाते ही सभी भाजपा पार्षद इकट्ठा होकर मेयर से शिकायत करने पहुंच गए।

मेयर के सामने ही हाथापाई की नौबत

जैसे ही भाजपा पार्षद मेयर कक्ष में पहुंचे तभी उनके पीछे सफाई मजदूर संघ के सभी लोग भी पहुंच गए। वहां मौजूद उप सभापति अतुल कुमार ने कहा कि पहले भाजपा पार्षदों को बात कर लेने दो उसके बाद बात कर लेना, लेकिन सफाई मजदूर संघ के लोग बाहर नहीं गए। इसी दौरान पार्षदों ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य विभाग का कर्मचारी मन्नू रुपए लेकर सफाई कर्मचारियों के ट्रांसफर कर देता है। इसी को लेकर सफाई मजदूर संघ के अध्यक्ष राजेश और पार्षद अवनेश में हाथापाई तक नौबत आ गई। लोगों ने दोनों में बीच बचाव कराया।

पार्षदों के खिलाफ दी तहरीर

उत्तर प्रदेश सफाई मजदूर संघ के अध्यक्ष राजेश ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि हंगामे के बाद जब वह मेयर के कक्ष से निकल रहे थे तब पार्षद रूप किशोर, छंगामल और अवनेश ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।

वर्जन

नगर निगम में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। कैमरों की फुटेज चेक करा ली जाए। यदि मैंने किसी को कोई धमकी या कुछ भी कहा हो तो मैं तत्काल कार्रवाई के लिए तैयार हूं।

अवनेश, भाजपा पार्षद

यह सब मनगढ़ंत कहानी है। किसी ने कोई अपशब्द नहीं बोला और न ही किसी को जान से मारने की धमकी दी है।

छंगामल, भाजपा पार्षद

Posted By: Inextlive