भाजयुमो काशी प्रांत के सम्मेलन में बोले प्रदेश अध्यक्ष

prayagraj@inext.co.in

न 1 इंच इधर, न 1 इंच उधर। मंदिर तो गर्भ ग्रह पर ही बनेगा। जन्मभूमि बदली नहीं जाती। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम हमारे आदर्श हैं और भारतीय जनता पार्टी ही एक ऐसी पार्टी है जिसने राम जन्म भूमि के लिए अपनी सरकार तक बलिदान की है। ये बातें भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष यदुवंशी ने बुधवार को पृथ्वी गार्डेन में कही। वह भाजयुमो काशी प्रांत के 15 जिलों से जुटे कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सदैव विचार और संवाद का सम्मान करने वाली पार्टी रही है। संसद विचार को जानने और समझने का केंद्र है। यहां चुनौतियों पर चिंतन कर उसके समाधान का रास्ता निकाला जाता है। नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत महाशक्ति के रूप में विश्व पटल पर उभरा है। युवा संसद प्रोग्राम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष सुभाष यदुवंशी एवं संचालन क्षेत्र अध्यक्ष राजेश राजभर ने किया।

एक साथ हों लोकसभा व विधानसभा के चुनाव

भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने कहा कि केंद्र सरकार माहौल तैयार करने की कोशिश कर रही है कि लोकसभा और राज्यों की विधानसभा के चुनाव एक साथ हों। आजादी के बाद शुरुआती सालों में चुनाव एक साथ होते थे। कोई संवैधानिक बाध्यता नहीं थी फिर भी यह व्यवस्था करीब 15 साल चली। बाद में यह चक्र गड़बड़ा गया। एक बार फिर दोनों चुनाव एक साथ कराने की बात चल रही है तो इसके फायदों को समझना प्रासंगिक है। चुनाव एक साथ कराने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इससे राजनीतिक स्थिरता आएगी। क्योंकि अगर किसी राज्य में कार्यकाल खत्म होने के पहले भी कोई सरकार गिर जाती है या फिर चुनाव के बाद किसी भी दल को पूर्ण बहुमत नहीं मिलता तो वहां आनन-फानन में नहीं बल्कि पहले से तय समय पर ही चुनाव होगा।

प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल , क्षेत्र संगठन मंत्री रत्‍‌नाकर, कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी, प्रदेश अध्यक्ष सुभाष यदुवंशी, क्षेत्र अध्यक्ष राजेश राजभर, प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक दुबे, प्रदेश उपाध्यक्ष चेत नारायण सिंह, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष भाजपा रामचंद्र मिश्र, प्रदेश महामंत्री देवेंद्र सिंह पटेल, अजय राय, आयुषी श्रीमाली ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

युवा लिख रहे हैं भारत की तकदीर

कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी एवं महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी ने युवा संसद में अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि इतने उत्साही कार्यकर्ताओं की संख्या देखने के बाद 2019 का परिणाम स्पष्ट दिखता है। क्योंकि, भारत की तकदीर सदैव युवा ही लिखते हैं। महानगर अध्यक्ष अवधेश गुप्ता, शशि वा‌र्ष्णेय, रवि केसरवानी, राजू पाठक, पवन श्रीवास्तव, नरसिंह हर्ष केसरी, सुशील मिश्रा, मनीष सिंह, उत्कर्ष शर्मा, शिवांगी मिश्रा, रुचि गुप्ता सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Posted By: Inextlive