सरधना : हरलालपुरा मोहल्ले में दहेजलोभी ससुराल जनों ने विवाहिता पर खौलता हुआ पानी उड़ेल दिया। जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। परिजनों ने उसे उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पीडि़ता ने ससुर पर भी बुरी नियत रखने का आरोप लगाया। पुलिस विवाहिता के पिता की तहरीर पर नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के नंगलाताशी निवासी रिफाकत अली पुत्र नूर मोहम्मद ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उसकी पुत्री की हिना परवीन और हुमा परवीन की शादी 12 जनवरी 2014 को आसिफ व आसिम पुत्रगण अखलाक निवासीगण मोहल्ला हरलालपुरा के साथ हुई थी। आरोप है कि ससुराल वाले पुत्री को दिए सामान से खुश नहीं थे। दहेज में बड़ी कार और 10 लाख की मांग कर रहे थे। दोनों बहनों को शारीरिक और मानसिक यातनाएं देने लगे। आरोप है कि ससुर हिना पर बुरी नियत भी रखता था। इसकी शिकायत पति से करने पर उससे फिर से मारपीट की गई। चार माह पूर्व हुमा को घर से निकाल दिया गया। इसके बाद भी मांग पूरी नहीं होने पर मंगलवार को दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर पति आसिफ, सास तस्लीमा, ससुर अखलाक, देवर आसिफ, गुलजार, अरमान और अमन तथा ननद आसमा और आसिफा ने गला दबाकर हिना को जान से मारने का प्रयास किया। खौलता हुआ पानी उस पर उड़ेल दिया। जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। किसी तरह उसने फोन कर मायके में जानकारी दी। परिजनों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पीडि़त का आरोप है कि पुलिस अभी तक आरोपियों के यहां दबिश देने भी नहीं गई है, जिसके चलते वह धमकी दे रहे हैं। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। समाचार लिखे जाने तक मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई थी।

Posted By: Inextlive