PRAYAGRAJ: दारागंज थाना क्षेत्र के बड़ी कोठी के निकट सोमवार की देर रात विवाद में गोली चलने से एक रिक्शा चालक की मौत हो गई। पुलिस केस दर्ज कर हत्यारों की तलाश में जुटी है।

जानकारी के अनुसार दो पक्षों में विवाद हो रहा था। विवाद बढ़ा तो एक पक्ष ने अवैध असलहे से फायर किया। गोली लगने से रिक्शा चालक घायल हो गया। इसके बाद विवाद कर रहे दोनों पक्ष फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस रिक्शा चालक को लेकर अस्पताल पहुंची तो वहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। विवाद किस-किस के बीच हो रहा था? गोली किस पक्ष से किसने चलाई इन सवालों का जवाब देर रात तक पुलिस को नहीं मिल सका था।

अभद्र भाषा के लिए केस

इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के जनसम्पर्क अधिकारी डॉ। चितरंजन कुमार ने कर्नलगंज थाने में तहरीर देकर कुछ छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि अविनाश दुबे, कृष्णकांत पाठक, नरेन्द्र मिश्र व सुमित मिश्र द्वारा इलाहाबाद यूनिवर्सिटी की छवि को धूमिल करने व हिंसा भड़काने के साथ ही परिसर में आंशित फैलाने के इरादे से सोशल मीडिया पर अभद्र भाषा का प्रयोग किया जा रहा है। कर्नलगंज पुलिस तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज जांच में जुटी है।

महिला के साथ बदसलूकी

कैंट थाना क्षेत्र के ऊंचागढ़ी निवासी विमला देवी ने थाने में तहरीर देकर बलवा का मुकदमा दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि राजापुर के अली, बाबी, मोहम्मद, गुड्डा द्वारा घर में जबरन घुसकर पिटाई करते हुए जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। पुलिस आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।

Posted By: Inextlive