PATNA : चंद सेकंड में परिस्थितियां कितनी बदल जाती हैं। भीड़ तमाशा बन जाती और महज एक लापरवाही के कारण कैसे किसी की जान चली जाती है। अगर यह सब देखना है तो गोला रोड में एक खूनी कार (बीआर 01 डीवाय 2937) को देख सकते हैं। बुधवार शाम करीब पांच बजे गोला रोड पर एक युवक रोड किनारे खड़ा था। तेज रफ्तार में कार चालक टक्कर मार देता है। युवक कार के पहिए में फंस जाता है और डर के कारण चालक तेज रफ्तार से गाड़ी भगाने लगता है। पुलिस और पब्लिक उसका पीछा कर रही थी। पहिए में फंसा लड़का चीख रहा था चिल्ला रहा था लेकिन चालक खुद की चिंता कर तेज रफ्तार में कार लेकर भाग रहा था। कुछ दूरी के बाद पहिए के नीचे फंसे लड़के की आवाज बंद हो गई और वो एक लाश बन गया। लोग लेकिन फिर भी उसका पीछा करते रहे। करीब 10 किलोमीटर दूर लोगों ने कार पकड़ लिया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने कार को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।

भीड़ ने पीटा, पुलिस ने बचाया

लोगों ने कार में सवार दोनों युवकों को पकड़कर खूब पिटाई की। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों को बचाया और उन्हें थाने ले गई।

100 किमी प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार से भाग रहा था कार चालक

मेरा नाम राजेश है। मैं व्यापारी हूं। मैं चिडि़याघर के पास अपने बच्चे को कोचिंग सेंटर लेने गया था। इस दौरान देखा कि एक कार काफी तेज रफ्तार में निकल रही थी। उसके पिछले पहिए में एक लड़का फंसा था। मैंने अपने बच्चे को वहीं पर छोड़ दिया। इसके बाद मैं भी पीछा करने लगा। हमारे साथ-साथ पुलिस और 50 से अधिक लोग पीछा कर रहे थे। मेरी गाड़ी की रफ्तार करीब 80 किमी प्रति घंटा थी। वहीं कार चालक की रफ्तार 100 किमी प्रति घंटा से ज्यादा थी। वो गाड़ी लेकर भगा रहा था बाद में उसे पाटलीपुत्रा चर्च के पास पकड़ लिया गया।

(जैसा की प्रत्यक्षदर्शी ने डीजे आई नेक्स्ट को बताया)

कार में बैठी थीं लड़कियां

प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार कार में कुल चार लोग बैठे थे। इसमें एक लड़का और एक लड़की आगे बैठे हुए थे। वहीं, पीछे एक लड़का और लड़की बैठे हुए थे। पुलिस ने दोनों लड़कों को तो हिरासत में ले लिया है लेकिन लड़कियां बीच रास्ते में ही गाड़ी से उतर के भाग गई। मामले में पुलिस हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ कर रही है।

Posted By: Inextlive